1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

अमेरिका में 5 नवंबर को राष्ट्रपति चुनाव के लिए वोटिंग होनी है।
अमेरिका में इस साल नवंबर में राष्ट्रपति चुनाव होने हैं। इस चुनाव के लिए डेमोक्रेटिक उम्मीदवार कमला हैरिस ने टिम वॉल्ज को अपना उपराष्ट्रपति उम्मीदवार चुना है। टिम वॉल्ज अमेरिकी राज्य मिनसोटा के गवर्नर हैं।
कमला हैरिस को इस कदम को ग्रामीण और श्वेत वोटर्स को साधने के प्रयास के तौर पर देखा जा रहा है। टिम वॉल्ज अमेरिकी आर्मी के नेशनल गार्ड का हिस्सा रह चुके हैं। वे पूर्व शिक्षक भी हैं, जो 2006 में हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव के लिए चुने गए थे।
12 साल तक इस पद रहने के बाद 2018 में वो अमेरिकी राज्य मिनसोटा के गवर्नर बने। गवर्नर के तौर पर वॉल्ज ने स्कूलों में मुफ्त भोजन, जलवायु परिवर्तन, मध्यम वर्ग के लिए टैक्स में कटौती और मिनसोटा में वर्करों के लिए पैड लीव देने जैसे मुद्दों पर काम किया है।
डोनाल्ड ट्रम्प पहले ही कर चुके हैं उपराष्ट्रपति उम्मीदवार का ऐलान
रिपब्लिकन पार्टी से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रम्प ने उप-राष्ट्रपति पद के लिए 39 साल के जेम्स डेविड वेंस को चुना है। 16 जुलाई को रिपब्लिकन पार्टी के कन्वेंशन में किसी भी डेलिगेट ने वेंस का विरोध नहीं किया। वेंस 2022 में पहली बार ओहायो से सीनेटर चुने गए थे। उन्हें ट्रम्प का करीबी माना जाता है।
हालांकि, ट्रम्प समर्थक बनने से पहले 2021 तक वेंस उनके कट्टर विरोधी हुआ करते थे। 2016 में एक इंटरव्यू में वेंस ने ट्रम्प को निंदा के योग्य कहा था। उनके स्वभाव और लीडरशिप स्टाइल पर भी सवाल उठाए थे। फिर 2021 में उन्होंने इसके लिए ट्रम्प से माफी मांगी। साथ ही रिपब्लिकन पार्टी से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की थी। इसके बाद वे ट्रम्प के करीबी बन गए।

ट्रम्प ने डेविड वेंस को उप-राष्ट्रपति पद के लिए सबसे योग्य उम्मीदवार बताया।
रिपब्लिकन पार्टी से उप-राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी के लिए 2 भारतवंशियों के नाम भी सामने आए थे। इनमें विवेक रामास्वामी और निक्की हेली शामिल थे। दोनों ही नेता रिपब्लिकन पार्टी से राष्ट्रपति उम्मीदवार बनने की रेस में ट्रम्प के खिलाफ खड़े हुए थे। बाद में चुनाव हारने के बाद उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया था।
राष्ट्रपति चुनाव से बाइडेन के हटने के बाद कमला बनीं उम्मीदवार
21 जुलाई को अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने राष्ट्रपति की रेस से अपना नाम वापस ले लिया था। नाम वापस लेने के साथ ही बाइडेन के कमला हैरिस को राष्ट्रपति उम्मीदवार बनाए जाने का समर्थन किया था। अगले 48 घंटों में कमला हैरिस ने पार्टी के अंदर समर्थन जुटा लिया था।
1 अगस्त से 5 अग्स्त तक डेमोक्रेटिक पार्टी के अंदर राष्ट्रपति उम्मीदवार के लिए हुए चुनाव में भी कमला हैरिस ने जरुरी वोट हासिल कर लिए है। इसके साथ ही वो डेमोक्रेटिक पार्टी से राष्ट्रपति उम्मीदवार बन गई हैं। 19 अगस्त से 22 अगस्त तक होने वाले डेमोक्रेटिक पार्टी के कंवेंशन में कमला हैरिस आधिकारिक तौर पर पार्टी से उम्मीदवारी को स्वीकार करेंगीं।
ये खबर भी पढ़ें…
बाइडेन अमेरिकी राष्ट्रपति पद की दौड़ से बाहर: भारतवंशी कमला हैरिस को प्रेसिडेंशियल कैंडिडेट चुना; ट्रम्प बोले- हैरिस को हराना और आसान होगा

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन अगला चुनाव नहीं लड़ेंगे। चुनाव से 4 महीने पहले रविवार को उन्होंने चिट्ठी लिखकर इस बात का ऐलान किया। बाइडेन ने कहा, “मैं देश और पार्टी हित के लिए चुनाव से बाहर हो रहा हूं।” बाइडेन ने राष्ट्रपति पद की रेस से हटने के साथ डेमोक्रेटिक पार्टी की प्रेसिडेंशियल कैंडिडेट के तौर पर उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का नाम आगे बढ़ाया।
भारतवंशी कमला ने भी बाइडेन के समर्थन को स्वीकार करते हुए कहा है कि वे राष्ट्रपति पद की उम्मीदवारी जीतने के लिए तैयार हैं। दरअसल, अमेरिका में 28 जून को हुई प्रेसिडेंशियल डिबेट के बाद बाइडेन की डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता यह मांग कर रहे थे कि वे राष्ट्रपति पद के लिए उम्मीदवारी छोड़ दें। पूरी खबर यहां पढ़ें…






















