पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) के एक और विधायक ने इस्तीफा दे दिया है। अब अमृतसर नॉर्थ से AAP के विधायक कुंवर विजय प्रताप सिंह ने भी इस्तीफा दे दिया है। कुंवर विजय प्रताप ने विधानसभा स्पीकर को इस्तीफा भेजा दिया है। कुंवर विजय प्रताप सिंह पूर्व IPS अधिकारी हैं। उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अपनी नौकरी से इस्तीफा देकर आम आदमी पार्टी (AAP) ज्वॉइन किया था।
इससे पहले 2 और विधायकों ने दिया इस्तीफा
इससे पहले, पटियाला जिले के दो विधायकों ने आम आदमी पार्टी छोड़ने का ऐलान किया। समाना से विधायक चेतन सिंह जौड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने रविवार को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। दोनों विधायकों का यह फैसला ऐसे समय में सामने आया है, जब आम आदमी पार्टी ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। हालांकि, पार्टी ने अभी तक समाना और सनौर विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। दोनों विधायकों के बीजेपी में शामिल होने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं, लेकिन उन्होंने अभी तक अपने अगले राजनीतिक कदम का आधिकारिक ऐलान नहीं किया है।
चेतन सिंह जौड़ामाजरा ने चंडीगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान पंजाब में नशे की समस्या को लेकर भगवंत मान सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या और संगरूर के तुरबंजारा गांव के गुलजार सिंह की आत्महत्या के मामले को लेकर भी सरकार की आलोचना की। इसके अलावा, उन्होंने किसानों को फसलों पर एमएसपी देने का वादा पूरा न करने और सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी उठाया।
पठानमाजरा ने भी सरकार पर लगाए आरोप
सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने पंजाब सरकार पर बढ़ते कर्ज को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भगवंत मान सरकार को दिल्ली के आम आदमी पार्टी नेता चला रहे हैं और पंजाब के नेताओं के पास फैसले लेने तक का अधिकार नहीं है। यह पूछे जाने पर कि वह किस पार्टी में शामिल होंगे, पठानमाजरा ने कहा कि वह उसी पार्टी के साथ जाएंगे, जिससे पंजाब को फायदा होगा। गौरतलब है कि पठानमाजरा इससे पहले भी अपनी ही सरकार के कामकाज पर सवाल उठा चुके हैं। उनके खिलाफ जीरकपुर की एक महिला की शिकायत पर दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था। मार्च में पंजाब पुलिस ने उन्हें मध्य प्रदेश के ग्वालियर से गिरफ्तार किया था। हालांकि, मई में पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने उन्हें नियमित जमानत दे दी थी।
ये भी पढ़ें-
कुशीनगर में कार और ट्रेलर की भीषण भिड़ंत, एक ही परिवार के 5 समेत 6 लोगों की मौत, 2 की हालत नाजुक
गुजरात में बर्थडे पार्टी में छलक रहे थे जाम, तभी पहुंची पुलिस; 38 लोगों पर FIR, 11 बोतलें बरामद






















