
Lok Sabha Election 2024
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने सोमवार को लोकसभा चुनाव के लिए अपनी दूसरी सूची जारी कर दी, लेकिन इसमें भी पार्टी ने पुराने व सिख चेहरों को ही चुनाव मैदान में उतारने का फैसला लिया। पहली सूची में भी पार्टी ने पांच सिख चेहरों को जगह दी थी। केवल दो सीटों पर ही पार्टी ने हिंदू चेहरों को उम्मीदवारी दी थी, जिसमें अमृतसर से अनिल जोशी और पटियाला सीट से एनके शर्मा शामिल है।
आम आदमी पार्टी के बाद शिअद ही अब तक सबसे अधिक 12 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित करने वाली पार्टी बन गई है, जबकि आप सभी 13 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार चुकी है। इसी तरह भाजपा नौ व कांग्रेस छह सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।
पार्टी के फिरोजपुर सीट से उम्मीदवार नरदेव सिंह बॉबी मान ही केवल नया चेहरा है, जो पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। हालांकि, उनका परिवार अकाली दल से जुड़ा रहा है। उनके पिता जोरा सिंह मान 1998 लोकसभा चुनाव में शिअद से लड़ते हुए इसी सीट से संसद में पहुंचे थे। उन्होंने सोहेलावाला गांव से एक सरपंच के तौर पर राजनीति की शुरुआत की थी।
बॉबी मान के नाम से मशहूर नरदेव सिंह ने लोकसभा चुनावों के दौरान अबोहर और बल्लुआना क्षेत्रों में अपने पिता के लिए चुनाव कैंपेन के प्रभारी के रूप में काम किया था। अब पार्टी ने फिरोजपुर सीट से ही उन्हीं पर विश्वास जताया है। उनका मुकाबला इस सीट से आप उम्मीदवार जगदीप काका बराड़ से होगा।



























