
दिल्ली में येलो अलर्ट जारी
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
उत्तर भारत एक बार फिर घने कोहरे और बर्फीली ठंड की चपेट में आ गया। सोमवार को भले ही चटक धूप खिलने से थोड़ी राहत मिली थी, लेकिन मंगलवार से फिर वही स्थिति हो गई जो बुधवार को भी जारी रही। मंगलवार को पंजाब, हरियाणा, उत्तर पश्चिम राजस्थान, उत्तर प्रदेश समेत ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। दिन निकलने के बाद हल्की धूप खिली, लेकिन उससे बहुत राहत नहीं मिली। कोहरे की सबसे बुरी मार उड़ान और रेल सेवाओं पर पड़ी और पूरी व्यवस्था चरमरा गई। मौसम विभाग के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश समेत पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र और आसपास के मैदानी इलाकों में 4 फरवरी तक बारिश होगी। इस दौरान 31 जनवरी और 1 फरवरी को कुछ इलाकों में तेज बारिश हो सकती है। हिमालय में अगले 48 घंटे में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है।
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि पंजाब के अमृतसर, पटिलाया, हरियाणा के अंबाला, राजस्थान के गंगानगर और पूर्वी उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बहुत अधिक घना कोहरा देखा गया। इन जगहों पर सुबह साढ़े पांच बजे दृश्यता घटकर 25 मीटर रह गई थी। इसके चलते सड़क यातायात से लेकर आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। घने कोहरे के कारण धूप नहीं खिलने से ठंड भी अधिक महसूस की गई। अमृतसर में सुबह साढ़े पांज बजे 7.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि अन्य जगहों पर 9-11 डिग्री के बीच न्यूनतम तापमान रहा। दिल्ली और बिहार के कई इलाकों में भी घना कोहरा रहा। दिल्ली में पालम और सफदरजंग इलाकों में दृश्यता घटकर 50 मीटर रह गई थी। दक्षिण पश्चिम दिल्ली में सुबह के समय ज्यादा घना कोहरा रहा और तापमान गिरकर 11.4 डिग्री पर आ गया था। वहीं, पटना में 10 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया।
19 ट्रेनें देर, कई उड़ानें भी विलंब
उत्तर रेलवे ने बताया कि घने कोहरे के कारण रेल यातायात व्यवस्था बेपटरी हो गई। दिल्ली आने वाली कम से कम 19 ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटों की देरी से चलीं। इनमें जम्मू तवी-दिल्ली एक्सप्रेस, हॉवड़ा-दिल्ली दुरंतो, हॉवड़ा-नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस, रीवा-आनंद विहार एक्सप्रेस, दिल्ली-मोगा एक्सप्रेस शामिल थीं। ट्रेनों के देर से चलने के वजह से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन समेत अन्य स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़ देखी गई। यही हाल इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर रहा। उड़ानों में देरी की वजह से हवाईअड्डे पर भी यात्रियों की भीड़ रही। विलंब उड़ानों की सही संख्या के बारे में तो पता नहीं चल पाया, लेकिन अधिकारियों ने बताया कि इसमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों उड़ानें शामिल हैं।








![JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan](https://i.ytimg.com/vi/-dsfIh319s0/maxresdefault.jpg)











