स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल एसएसओसी ने शनिवार को आतंकी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए गैंगस्टर मनप्रीत सिंह उर्फ टिड्डी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से पुलिस ने एक पिस्तौल और कारतूस बरामद किए हैं। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पूछताछ में खुलासे के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने कोटला तरखाना गांव से करीब 2.5 किलोग्राम आरडीएस व दो आईईडी बरामद किए हैं, जिनमें विस्फोट के लिए टाइमर लगे हुए थे।
एआईजी सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि पूछताछ में टिड्डी ने बताया है कि करीब दो सप्ताह पहले पाकिस्तान में बैठे हैंडलर ने अजनाला सेक्टर के रास्ते ड्रोन के जरिए यह विस्फोटक सामग्री भेजी थी। इसके बाद टिड्डी ने पैकेट हासिल किया और उसे अपने गांव कोटला तरखाना के पास नहर किनारे छिपा दिया था। हैंडलरों ने उसे विस्फोटक किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने के निर्देश दिए थे।
टिड्डी ने पूछताछ में बताया कि वह आर्मेनिया, यूके और जर्मनी में बैठे गैंगस्टरों के निर्देशों पर काम कर रहा था। उन गैंगस्टर्स को एक प्रतिबंधित आतंकी संगठन के पाकिस्तान स्थित मास्टरमाइंड से आदेश मिल रहे थे। पुलिस गैंगस्टर टिड्डी से पूछताछ में उन लोगों का लिंक खंगालने में जुटी है जिन्हें यह आरडीएक्स आगे सप्लाई किया जाना था।
पाकिस्तान में रची जा रही दहशत फैलाने की साजिश
पाकिस्तान से लगातार पंजाब के बॉर्डर एरिया में ड्रोन के जरिये विस्फोटक भेजे जा रहे हैं। अक्तूबर के शुरुआत में पुलिस ने जालंधर में ढाई किलो आरडीएक्स के साथ बब्बर खालसा इंटरनेशनल के दो आतंकियों को गिरफ्तार किया था। इसी तरह सितंबर में भी आरडीएक्स की बरामदगी की गई थी। आरोपियों से पूछताछ में उनका लिंक पाकिस्तान व विदेश में बैठे आतंकियों से निकले हैं जो दहशत फैलाने के लिए बड़ी साजिश रच रहे हैं। डीजीपी गौरव यादव ने आरडीएक्स की बरामदगी पर कहा कि आतंकियों के मंसूबों को किसी भी कीमत पर कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। पंजाब की स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल व पुलिस फोर्स इन असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए तैयार हैं।
टिड्डी का है आपराधिक रिकॉर्ड
टिड्डी गांव कोटला तरखाना (अमृतसर) का ही रहने वाला है। पुलिस को उसका आपराधिक रिकॉर्ड मिला है। वह पहले सदर बटाला और कलानौर थानों में दर्ज 2 मामलों में नामजद रह चुका है। वह करीब डेढ़ साल तक गुरदासपुर और अमृतसर जेलों में बंद रहा है। फरवरी 2025 में रिहा होने के बाद दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया था।



























