चंडीगढ़। सेक्टर-26 में क्लबों के पास पार्किंग में दो भाइयों पर चाकू से किए गए हमले का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चाकू लगने के बाद घायल युवक काफी देर तक पार्किंग में पड़ा रहा और बाद में उसने खुद अपने पेट से चाकू निकालकर दूर फेंक दिया।
घटना में गंभीर रूप से घायल राहुल को समय रहते पीजीआई पहुंचाए जाने से उसकी जान बच गई। पुलिस के अनुसार चाकू लगने से उसकी आंतें बाहर आ गई थीं, जिस पर तुरंत ऑपरेशन किया गया। वहीं उसके बड़े भाई हनी को जांघ में चोट आई है। पुलिस के मुताबिक हमले में तीन से चार युवक शामिल थे। सीसीटीवी फुटेज में दो आरोपी राहुल के पेट पर बार-बार चाकू से वार करते हुए नजर आ रहे हैं। आरोपियों के स्कूटर का नंबर भी कैमरे में कैद हुआ है, बावजूद इसके अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
27 दिसंबर तड़के साढ़े तीन बजे हुई वारदात
पुलिस जांच में सामने आया है कि घायल दोनों भाई और आरोपी सेक्टर-26 के क्लबों के बाहर फूल बेचने का काम करते हैं। 27 दिसंबर तड़के करीब साढ़े तीन बजे फूल बेचने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई। आरोप है कि मलोया निवासी इमरान कुरैशी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बापूधाम कॉलोनी निवासी राहुल और उसके भाई हनी पर चाकू से हमला कर दिया। हमले के बाद दोनों भाई खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े। पुलिस आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। सेक्टर 26 थाना पुलिस ने इस मामले में इमरान कुरैशी समेत तीन से चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।








![JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan](https://i.ytimg.com/vi/-dsfIh319s0/maxresdefault.jpg)











