पुलिस ने एक आरोपी को रायफल के साथ पकड़ लिया।
दतिया में गुरुवार को कांग्रेस की जन आक्रोश रैली के बाद फायरिंग से हड़कंप मच गया। मौके पर खून के निशान और कुछ गाड़ियों के कांच टूटे हुए मिले हैं। पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़ा है। उसके पास से रायफल जब्त की है। इसके अलावा 2-3 अन्य लोगों को भी पकड़ा है।
.
बताया जा रहा है कि एसपी ऑफिस के सामने शाम करीब पौने 5 बजे 3 राउंड गोली चली। इस दौरान रैली में शामिल सैड़कों लोग सड़क पर ही थे। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें फायरिंग की आवाज सुनाई दे रही है।
आपसी विवाद में चली गोली, 6 पर केस दर्ज
पुलिस के अनुसार रैली के दौरान रोहित गुर्जर और परविंद गुर्जर के बीच डीजे आगे-पीछे करने को लेकर विवाद हुआ था। रोहित डीजे आगे जबकि परविंद पीछे करने का कह रहा था। रोहित, रामू गुर्जर गुट का है। वहीं, परविंद दूसरे गुट का है। मामले की जानकारी लगते ही कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती कोतवाली थाने पहुंचे। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी यहां पहुंचे। पुलिस का कहना है कि आपसी विवाद में गोली चली है।
पुलिस ने फरियादी रोहित गुर्जर की शिकायत पर रामू गुर्जर, सचिन गुर्जर, पवन गुर्जर समेत 6 के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
आरोपी ने कार के अंदर से किया फायर
जानकारी अनुसार सचिन गुर्जर ने कार के भीतर से ही पहला राउंड फायर किया। फायर की आवाज सुनकर लोग कार की ओर दौड़े। हड़बड़ाहट में गोली लगने से कार का टूटा कांच सचिन को लगा, जिससे वह घायल हो गया। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया है।
5 फोटो में देखिए पूरा घटनाक्रम…

जन आक्रोश रैली खत्म होने के बाद सभी अपने घर लौट रहे थे, तभी गोली चल गई।

गोली चलते ही पुलिस ने सचिन गुर्जर नाम के शख्स को पकड़ लिया।

पुलिस जिस सचिन को पकड़कर ले गई, उसे पूर्व जिला अध्यक्ष अपना भाई बता रहे हैं।

पुलिस ने आरोपी सचिन गुर्जर के पास से राइफल जब्त की है।

पुलिस सचिन को अपनी जीप में बैठाकर तुरंत थाने ले गई।
कांग्रेस ने किया कचहरी का घेराव
दरअसल, अघोषित बिजली कटौती, महंगाई, बेरोजगारी, पानी और किसानों की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर जन आक्रोश रैली का आयोजन किया था। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी भी इसमें शामिल हुए थे।
रैली दोपहर में किला चौक से होते हुए पुरानी कचहरी पहुंची, जहां घेराव किया गया। साथ ही सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। शाम को रैली के समापन के बाद जीतू पटवारी समेत अन्य बड़े नेता वहां से रवाना हो गए।
बड़े नेताओं के जाते ही कुछ लोगों के बीच बहस हुई और गोली चलने की आवाज सुनाई दी। गोली चलते ही अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़ लिया और उसे थाने ले जाया गया।

कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राघवेंद्र गुर्जर ने दावा किया हमला उन्हें टारगेट कर किया गया।
कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष बोले- मुझ पर हमला किया
युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष राघवेंद्र गुर्जर उर्फ रामू गुर्जर ने कहा कि हजारों लोगों के सामने मुझ पर जानलेवा हमला किया गया। ये मेरी जान लेना चाहते हैं। मेरे राजनीतिक विरोधियों ने उन्हें आगे किया हुआ है।
राघवेंद्र गुर्जर ने कहा- बचाव में जब मेरा भाई हथियार लेकर गाड़ी से बाहर निकला तो उस पर गोली चला दी। गनीमत रही कि मेरा भाई मेरे साथ था, वरना मुझे तो इन्होंने गोली मार ही दी थी। पुलिसवाले जिसे लेकर गए वो तो मेरा भाई है, उसने बचाव में गोली चलाई थी। उसे गोली भी लगी है।
पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया
पुलिस ने अब तक इस मामले में कुछ भी नहीं बताया है। वहीं, मौके पर मौजूद कांग्रेस नेताओं का कहना है कि रैली में सभी लोग शामिल थे। अलग-अलग गुट यहां आए थे। इनमें से एक गुट ने शक्ति प्रदर्शन किया, जिसका दूसरे गुट ने विरोध किया। इसके बाद दो फायर हुए। युवा कांग्रेस के पूर्व जिला अध्यक्ष रामू गुर्जर के चचेरे भाई पर गोली चलाने का आरोप है। पुलिस ने रामू गुर्जर के साथ ही तीन चार संदिग्ध लोगों को थाने पर पूछताछ के लिए बैठाया है।
ये खबर भी पढ़ें…
सज्जन वर्मा बोले- पुलिस ने जीतू पटवारी पर हमला किया

इंदौर में नगर निगम में घोटाले के विरोध में मंगलवार को प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस पर वाटर कैनन का इस्तेमाल किया था। इस मामले में जिम्मेदारों पर कार्रवाई के लिए कांग्रेस ने भोपाल में पुलिस मुख्यालय पहुंचकर डीजीपी के नाम ज्ञापन सौंपा। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

























