
घर पर गमले में कैसे उगाएं ड्रैगन फ्रूट
ड्रैगन फ्रूट (Dragon Fruit), जिसे पिताया या पिठैया भी कहा जाता है, एक ट्रॉपिकल फल है जो कैक्टस की कुछ प्रजातियों से आता है। यह देखने में चमकदार लाल या गुलाबी रंग का होता है, जिसकी बाहरी त्वचा पर हरे रंग के उभार होते हैं, जो इसे ड्रैगन जैसा रूप देते हैं। इसका गूदा आमतौर पर सफेद या लाल/गुलाबी रंग का होता है, जिसमें छोटे, काले बीज होते हैं जिसे खाया जाता है। इसका स्वाद हल्का मीठा और थोड़ा खट्टा होता है, जिसकी तुलना अक्सर कीवी या नाशपाती से की जाती है। ड्रैगन फ्रूट सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। ऐसे में कुछ लोग इसे घर पर ही उगाना चाहते हैं, लेकिन गॉर्डनिंग की कम जानकारी होने की वजह से इसे नहीं उगा पाते हैं। ऐसे में यहां हम आपको कुछ आसान से ट्रिक्स के बारे में बताने जा रहे हैं जिसकी मदद से आप आसान से इसे घर पर ही उगा सकते हैं।
ज़रूरी चीज़ें
गमला (पॉट)
ड्रैगन फ्रूट का पौधा बेल की तरह बढ़ता है और भारी हो सकता है, इसलिए कम से कम 16-24 इंच व्यास और 10-18 इंच गहराई वाला चौड़ा और गहरा गमला चुनें। गमले में पानी की निकासी (ड्रेनेज) के लिए नीचे छेद होना बहुत ज़रूरी है।
मिट्टी (पॉटिंग मिक्स)
मिट्टी हल्की, रेतीली और अच्छी जल निकासी वाली होनी चाहिए, क्योंकि यह कैक्टस परिवार का पौधा है और इसे ज़्यादा पानी पसंद नहीं है। आप साधारण मिट्टी, रेत और खाद का मिश्रण इस्तेमाल कर सकते हैं।
पौधा/कटिंग
कटिंग का इस्तेमाल करना सबसे अच्छा है। एक स्वस्थ पौधे से लगभग 12 इंच लंबा टुकड़ा लें। कटिंग के कटे हुए सिरे को कुछ दिनों के लिए सूखने दें ताकि वह सख्त हो जाए।
उगाने की विधि
कटिंग लगाना
तैयार पॉटिंग मिक्स (मिट्टी) को गमले में भरें। कटिंग को मिट्टी में लगभग 3-4 इंच की गहराई में सीधा लगाएं। ध्यान रखें कि कटिंग वाली सतह मिट्टी के ऊपर की तरफ हो। कटिंग के चारों ओर मिट्टी को हल्का दबा दें।
पानी डाले
कटिंग लगाने के बाद पहली बार में स्प्रे पंप या हल्की धार से पानी दें। उसके बाद, इसे ज्यादा पानी न दें। जब मिट्टी पूरी तरह से सूखी लगे, तभी पानी दें।
धूप
गमले को ऐसी जगह पर रखें जहां उसे रोजाना कम से कम 6 से 8 घंटे की सीधी धूप मिल सके।
देखभाल करें और सहारा दें
सहारा दें
ड्रैगन फ्रूट का पौधा एक बेल की तरह बढ़ता है, इसलिए इसे बढ़ने के लिए सहारे की ज़रूरत होती है। आप किसी मज़बूत लकड़ी की छड़ी, खंभे, या लोहे के स्ट्रक्चर का उपयोग कर सकते हैं और पौधे को उससे बांध सकते हैं।
खाद
अच्छी ग्रोथ और फल के लिए समय-समय पर ऑर्गेनिक फ़र्टिलाइज़र देते रहें।
पॉलिनेशन
ड्रैगन फ्रूट के फूल रात में खिलते हैं और फल बनने के लिए अक्सर हैंड पॉलिनेशन की ज़रूरत होती है, खासकर अगर आपके पास पॉलिनेटर न हों। फूल खिलने वाली रात में आपको परागण करना पड़ सकता है।
Latest Lifestyle News







![JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan](https://i.ytimg.com/vi/-dsfIh319s0/maxresdefault.jpg)











