
चंडीगढ़ में पेट्रोल पंपों पर लगे नोटिस
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
देश में लागू हुए नए हिट एंड रन कानून के खिलाफ ट्रांसपोर्टर और ट्रक ड्राइवरों की हड़ताल का असर चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला में भी दिखने लगा है। चंडीगढ़ में कई पेट्रोल पंपों ने आउट ऑफ स्टॉक के बोर्ड लगा दिए हैं। कई पेट्रोल पंपों पर लंबी लंबी लाइनें लगी हुई हैं।

भारतीय न्याय संहिता 2023 में हुए संशोधन के बाद हिट एंड रन के मामलों में दोषी ड्राइवर पर 7 लाख रुपये तक का जुर्माना और 10 साल तक कैद का प्रावधान है। इसके खिलाफ कई जगह चक्का जाम हो रहे हैं।
चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रधान जसवीर सिंह गिल ने बताया कि उनकी एसोसिएशन की ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस (एआईएमटीसी) से संबद्धता (एफिलिएशन) है। एआईएमटीसी की तरफ से केंद्र सरकार को कई सवाल और अपनी आपत्तियां भेजी गई हैं। उन जवाबों का इंतजार है। गिल ने बताया कि वह एआईएमटीसी के संपर्क में हैं और जैसे ही उनकी तरफ से प्रदर्शन व चक्का जाम से संबंधित कोई फैसला लिया जाएगा, चंडीगढ़ में भी उसे लागू किया जाएगा।

बता दें कि राज्यसभा में तीनों क्रिमिनल लॉ बिल भारतीय न्याय संहिता, भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य बिल 21 दिसंबर को पास हो गए। ये तीनों बिल लोकसभा से 20 दिसंबर को पास हुए थे। बिल पास होते ही राज्यसभा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था।






















