चंडीगढ़। सेक्टर-7 में एक रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी साइकिल चुराने वाले आरोपी को खुद पीड़ित ने पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से एक कमानीदार चाकू भी बरामद हुआ। सेक्टर-26 थाना पुलिस ने मौलीजागरां निवासी 30 वर्षीय आरोपी विजय को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सेक्टर-26 बापूधाम कॉलोनी निवासी भरत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-7 स्थित सागर रत्ना रेस्टोरेंट में बतौर कैप्टन कार्यरत है। एक जुलाई को वह दोपहर करीब एक बजे ड्यूटी पर आया था। ड्यूटी समाप्त होने के बाद रात करीब 11 बजे जब वह घर जाने लगा तो देखा कि रेस्टोरेंट के बाहर खड़ी उसकी साइकिल गायब है।
भरत ने खुद ही साइकिल को ढूंढना शुरू किया। रात करीब पौने एक बजे जब वह सेक्टर-7 स्थित एक सार्वजनिक शौचालय के पास पहुंचा तो सामने से एक व्यक्ति उसकी साइकिल पर आता दिखाई दिया। उसने तुरंत उस व्यक्ति को साइकिल समेत पकड़ लिया। उसी दौरान गश्त कर रही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई और आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक कमानीदार चाकू भी बरामद हुआ।























