- Hindi News
- National
- Bengal Digha Jagannath Dham Controversy | Odisha Puri Jagannath Temple Sevadar Questioned
भुवनेश्वर2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

रामकृष्ण दासमोहपात्रा ‘दैतापति निजोग’ के सचिव हैं। यह सेवादारों को एक समूह है।
पुरी के श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (SJTA) ने रविवार को दीघा मंदिर मामले में सेवादार रामकृष्ण दासमोहपात्रा से पूछताछ की। उन पर पुरी मंदिर के नवकलेवर अनुष्ठान में बची लकड़ी दीघा मंदिर की मूर्तियां बनाने के लिए देने का आरोप है।
SJTA के मुख्य प्रशासक और IAS अधिकारी अरबिंद पाधी ने उन्हें तलब किया था। पूछताछ करीब 90 मिनट तक चली। दासमोहपात्रा से पूछा गया कि क्या उन्होंने दैतापति निजोग के सचिव के रूप में पुरी मंदिर से लकड़ी लेकर दीघा मंदिर की मूर्तियां बनवाईं।
साथ ही पुरी मंदिर में लकड़ियां रखने के स्टोर रूम ‘दारू गृह’ की चाबियों और दीघा मंदिर की मूर्तियों में ‘ब्रह्म पदार्थ’ स्थापित करने को लेकर भी सवाल हुए। ‘ब्रह्म पदार्थ’ को भगवान जगन्नाथ की आत्मा माना जाता है। इसे नवकलेवर अनुष्ठान के दौरान पुरानी मूर्ति से नई मूर्ति में स्थापित किया जाता है।

पश्चिम बंगाल के पूर्वी मेदिनीपुर जिले के दीघा में ममता बनर्जी ने 30 अप्रैल को जगन्नाथ मंदिर का उद्घाटन किया था। मंदिर को ‘जगन्नाथ धाम’ नाम दिया गया है।
कानून मंत्री ने SJTA से जांच के लिए कहा था ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने 2 मई को SJTA से मामले की जांच करने को कहा था। मीडिया रिपोर्ट्स में सामने आया था कि पुरी जगन्नाथ मंदिर के करीब 57 सेवादार दीघा मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल हुए थे।
साथ ही मूर्तियां बनाने के लिए दीघा मंदिर को पुरी मंदिर की 2015 के नवकलेवर से बची नीम की लकड़ी दी थी। नवकलेवर हर 12 या 19 साल में होने वाला अनुष्ठान है। इसमें पुरी के मंदिर में भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान जगन्नाथ की लकड़ी की मूर्तियां बदली जाती हैं।
इसके अलावा पुजारियों, भक्तों, विद्वानों और पंडितों ने दीघा मंदिर को ‘जगन्नाथ धाम’ कहे जाने पर भी आपत्ति जताई थी। मंत्री ने अपनी चिट्ठी में लिखा था, ‘इस घटना ने श्रद्धालुओं और ओडिशा के 4.5 करोड़ लोगों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।’

बंगाल की CM ममता बनर्जी 29 अप्रैल को ही महायज्ञ में शामिल होने दीघा पहुंच गई थीं।
दीघा मंदिर के लिए मूर्तियां पुरी से गईं दीघा मंदिर को लकड़ी देने का आरोप पर रामकृष्ण दासमोहपात्रा ने कहा था, ‘मैंने कभी नहीं कहा कि पुरी मंदिर की लकड़ी का इस्तेमाल दीघा में मूर्ति बनाने के लिए किया गया। मैंने मंदिर अधिकारियों से कहा था कि भगवान जगन्नाथ की पत्थर की मूर्तियों की पूजा नहीं की जा सकती।’
उन्होंने बताया था, ‘इसके बाद प्राण-प्रतिष्ठा समारोह के लिए मैं यहां (पुरी) से नीम की लकड़ी की मूर्ति ले गया। मैंने किसी टेलीविजन चैनल को ब्रह्म पदार्थ की स्थापना के बारे में भी कुछ नहीं बताया है। न ही मैंने मूर्ति पर ऐसी कोई सामग्री रखी है। मैंने पूजा के दौरान निर्धारित प्रक्रियाओं की निगरानी की है।’

मंदिर विवाद पर किसने क्या कहा…
सुदर्शन पटनायक, सैंड आर्टिस्ट: मैं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री से अनुरोध करता हूं कि वे दीघा मंदिर को धाम के रूप में पेश करने के लिए भगवान जगन्नाथ के लाखों भक्तों से माफी मांगें।
माधब महापात्र, श्री जगन्नाथ मंदिर प्रबंध समिति के पूर्व सदस्य: ममता बनर्जी झूठा दावा करने से बचें। यह जगन्नाथ धाम और सनातन धर्म के खिलाफ साजिश का हिस्सा प्रतीत होता है।
रामचंद्र दास महापात्र, वरिष्ठ सेवक: आदि शंकराचार्य ने भगवान जगन्नाथ के पुरी पीठ को धाम का दर्जा दिया था। दीघा धाम कैसे बन सकता है? कृपया लोगों को गुमराह न करें।
प्रियदर्शन पटनायक, श्री जगन्नाथ सेना के संयोजक: ममता बनर्जी बंगाल के लोगों को गुमराह न करें। बंगाल के लोग सच्चाई से वाकिफ हैं। उन्हें गुमराह नहीं किया जा सकता।

—————————————————–
जगन्नाथ मंदिर से जुड़ी यह खबर भी पढ़ें…
जगन्नाथ मंदिर में 46 साल बाद खजाना निकला, सोने से भरी 4 अलमारी, 3 संदूक मिले; भारी इतने कि हिले तक नहीं

ओडिशा के पुरी में महाप्रभु जगन्नाथ मंदिर के भीतरी रत्न भंडार में रखा खजाना 18 जुलाई, 2024 को निकाल लिया गया। इस काम के लिए राज्य सरकार की तरफ से गठित हाई कमेटी के 11 सदस्य सुबह 9:15 बजे भीतरी भंडार के अंदर गए। पूरी खबर पढ़ें…



























