08:16 PM, 07-Aug-2024
उत्तर बंगाल में घुसपैठ की बड़ी कोशिश नाकाम
बांग्लादेश में अराजकता के बीच भारत में घुसपैठ की बड़ी कोशिश नाकाम की गई है। बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आज शाम बांग्लादेशी नागरिकों का एक बड़ा समूह उत्तर बंगाल से लगे अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर कई जगहों पर जमा हुआ और इस दौरान वे भारतीय क्षेत्र में घुसने का प्रयास कर रहे थे। मौके पर मोर्चा संभालते हुए बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश, नागरिक प्रशासन और बीएसएफ कर्मियों की मदद से वहां हटाया गया है।
08:08 PM, 07-Aug-2024
बीएनपी नेता का दावा- हसीना सरकार के ‘कुशासन’ से बांग्लादेश में हुआ जन आंदोलन
2015 से मेघालय में रह रहे बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के नेता सलाहुद्दीन अहमद ने बुधवार को दावा किया कि उनके देश में व्यापक विरोध प्रदर्शन प्रधानमंत्री शेख हसीना के ‘कुशासन’ का परिणाम है। उन्होंने आरोप लगाया कि हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार नौ साल पहले बांग्लादेश से उनके गायब होने के लिए जिम्मेदार है, उन्होंने कहा कि अब उन्हें घर लौटने की उम्मीद है। बता दें कि सलाहुद्दीन अहमद 2001 से 2006 तक बीएनपी के सत्ता में रहने के दौरान संचार मंत्री थे। सलाहुद्दीन अहमद ने पहले दावा किया था कि उन्हें बांग्लादेश से अगवा कर लिया गया था और उन्हें नहीं पता कि वे मई 2015 में शिलांग कैसे पहुंचे।
06:09 PM, 07-Aug-2024
कल अंतरिम कार्यवाहक पद की शपथ लेंगे मुहम्मद यूनुस
बांग्लादेश में राजनीतिक अस्थिरता के बीच अंतरिम सरकार के कार्यवाहक के तौर पर नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस कल शपथ ग्रहण करेंगे। बांग्लादेश सेना के प्रमुख वकर-उज-जमान ने मुहम्मद यूनुस के शपथ ग्रहण की जानकारी दी है।
04:42 PM, 07-Aug-2024
बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री जिया को मिला नया पासपोर्ट
हाल ही में जेल से रिहा की गई बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया को अब नया पासपोर्ट मिल गया है। उनकी पार्टी ने ये जानकारी साझा की है। बता दें कि 79 वर्षीय खालिदा जिया को 2018 में भ्रष्टाचार के लिए 17 साल जेल की सजा सुनाई गई थी। बांग्लादेश नेशनल पार्टी (बीएनपी) की अध्यक्ष फिलहाल कई बीमारियों का इलाज करा रही हैं। उन्हें हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार के पतन के बाद मंगलवार को राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन के कार्यकारी आदेश पर रिहा कर दिया गया। जिया दो साल से अधिक समय से जेल में थीं।
02:11 PM, 07-Aug-2024
भारत सरकार सतर्क है और निगरानी कर रही: गजेंद्र शेखावत
बांग्लादेश की स्थिति पर केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, ‘निश्चित रूप से यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि हमारे पड़ोसी देश में ऐसी राजनीतिक अस्थिरता आई है। जिस तरह से एक निर्वाचित सरकार को गिराया गया… एक व्यक्ति सब कुछ चुन सकता है, लेकिन अपना पड़ोसी नहीं चुन सकता। हमारे पड़ोस में जिस तरह की स्थिति पैदा हुई है, भारत सरकार सतर्क है और निगरानी कर रही है ताकि इसका किसी भी तरह से भारत पर असर न पड़े।’
02:09 PM, 07-Aug-2024
बांग्लादेश में जो घटना घटी है वो हमारे लिए…: सरमा
बांग्लादेश के राजनीतिक संकट पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, ‘बांग्लादेश में जो घटना घटी है वो हमारे लिए दो कारणों चिंतनीय है। अगर बांग्लादेश में ऐसी ही स्थिति रही तो वहां से लोग विस्थापित होकर भारत आएंगे लेकिन हमें सीमा को भी सुरक्षित करना है। उत्तर-पूर्व के सभी उग्रवादियों को शेख हसीना की सरकार में बांग्लादेश में हटाया गया था। हमारे लिए चिंता का विषय बना रहेगा कि दोबारा बांग्लादेश में उत्तर-पूर्वी के उग्रवादियों की घाटी न बने। मुझे विश्वास है कि जो भी नई सरकार बनेगी भारत सरकार उसके साथ बातचीत करेगी।’
01:44 PM, 07-Aug-2024
लोगों के धैर्य की परीक्षा नहीं लेनी चाहिए: उद्धव ठाकरे
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि बांग्लादेश के घटनाक्रम ने दुनिया को संदेश दिया है कि लोग सर्वोच्च हैं और शासकों को उनके धैर्य की परीक्षा नहीं लेनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को बांग्लादेश में अत्याचार का निशाना बने हिंदुओं को बचाने की चुनौती भी दी। ठाकरे ने कहा, ‘अगर प्रधानमंत्री मोदी यूक्रेन में युद्ध रोक सकते हैं तो उन्हें बांग्लादेश में भी ऐसे ही कदम उठाने चाहिए और वहां हिंदुओं को बचाना चाहिए। इसी तरह के विरोध प्रदर्शन इजराइल और श्रीलंका में भी देखे गए।’
01:08 PM, 07-Aug-2024
नई अंतरिम सरकार के सदस्यों के नाम आज होंगे फाइनल
आंदोलनकारी नेताओं को उम्मीद है कि बुधवार को नई अंतरिम सरकार के सदस्यों के नाम तय कर लिए जाएंगे। नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली नई सरकार कार्यभार संभालने के तुरंत बाद आम चुनाव करा सकती है। फिलहाल, पेरिस में चिकित्सा प्रक्रिया का इंतजार कर रहे यूनुस के गुरुवार को ढाका पहुंचने की उम्मीद है।
12:37 PM, 07-Aug-2024
ढाका में मौजूद भारतीय उच्चायोग लगातार कार्यरत
ढाका में मौजूद भारतीय उच्चायोग लगातार कार्यरत है। साथ ही बांग्लादेश में राजनयिक और अधिकारी भी काम पर बने हुए हैं। हालांकि इस बीच गैर-जरूरी कर्मचारियों और उनके परिवारजन आज सुबह वापस आ गए हैं। ढाका में मौजूद भारतीय उच्चायोग की सभी हेल्पलाइनें काम कर रही हैं। हेल्पलाइन- +8801958383679, +8801958383680, +8801937400591….।


























