11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

ट्रम्प ने गुरुवार को थैंक्स गिविंग के मौके पर ये ऐलान किया।
अमेरिका थर्ड वर्ल्ड कंट्री (आर्थिक रूप से कमजोर देश) से आने वाली हर तरह की इमिग्रेशन को हमेशा के लिए रोकने जा रहा है। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को थैंक्स गिविंग के मौके पर अपनी सोशल मीडिया साइट ट्रुथ सोशल पोस्ट शेयर कर यह जानकारी दी।
उन्होंने अमेरिकी इमिग्रेशन नीति को और ज्यादा सख्त करने का वादा किया। ट्रम्प ने कहा कि टेक्निकल डेवलपमेंट के बावजूद, इमिग्रेशन नीतियां अमेरिका की उपलब्धियों को कमजोर कर रही हैं और कई लोगों की जीवन को बिगाड़ रही हैं।
ट्रम्प ने कहा- जो लोग अमेरिका के लिए फायदेमंद नहीं हैं या जो हमारे देश से सच्चा प्यार नहीं करते, उन्हें भी हटाया जाएगा। यह ऐलान व्हाइट हाउस के पास दो नेशनल गार्ड सैनिकों पर एक अफगान नागरिक के गोली चलाने की घटना के बाद आया है।
इस हमले को ट्रम्प ने क्रूर आतंकी हमला बताया था। उन्होंने कहा था कि इसमें जो भी शामिल हैं, उन्हें इसकी भारी कीमत चुकानी होगी। उन्होंने अमेरिका में अफगान शरणार्थियों की एंट्री तुरंत रोक दी थी। अब 19 देशों से आए प्रवासियों की जांच की जाएगी।

ट्रम्प बोले- नॉन सिटिजन को सरकारी सुविधा नहीं मिलेगी
राष्ट्रपति ने कहा कि अब किसी भी गैर-नागरिक (नॉन-सिटिजन) को कोई सरकारी सुविधा, सब्सिडी या लाभ नहीं दिया जाएगा। जो प्रवासी देश की शांति भंग करेंगे, उनकी नागरिकता भी छीनी जाएगी।
ट्रम्प ने कहा कि जो लोग सार्वजनिक बोझ हैं, सुरक्षा के लिए खतरा हैं या पश्चिमी सभ्यता के साथ मेल नहीं खाते, उन्हें भी देश से निकाला जाएगा।
19 देशों के प्रवासियों की जांच होगी
ट्रम्प का कहना है कि इन कदमों से अवैध और परेशानी पैदा करने वाली आबादी को कम किया जाएगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि दूसरी विश्व युद्ध के बाद अमेरिका में इस तरह की सामाजिक समस्याएं नहीं थीं, लेकिन अब गलत इमिग्रेशन नीतियों की वजह से अपराध और अव्यवस्था बढ़ गई है।
उनका मानना है कि तकनीकी तरक्की के बावजूद इमिग्रेशन की गलत नीतियों ने आम अमेरिकियों की जिंदगी खराब कर दी है। ट्रम्प ने साफ कहा, “इस समस्या का पूरा इलाज सिर्फ रिवर्स माइग्रेशन यानी लोगों को वापस उनके देश भेजना ही है।”
इस घटना के बाद अमेरिकी सरकार अफगानिस्तान सहित 19 देशों से आए प्रवासियों की स्थायी निवास (परमानेंट रेजिडेंसी) की स्थिति की जांच करने जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि प्रभावित 19 देशों में अफगानिस्तान, बर्मा, चाड, कांगो गणराज्य, इक्वेटोरियल गिनी, एरिट्रिया, हैती, ईरान, लीबिया, सोमालिया, सूडान, यमन, बुरुंडी, क्यूबा, लाओस, सिएरा लियोन, टोगो, तुर्कमेनिस्तान और वेनेजुएला शामिल हैं।

ट्रम्प ने जनवरी में शपथ लेने के बाद अवैध प्रवासियों को बाहर निकालने वाले एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर दस्तखत किए थे।
अफगान शरणार्थी ने नेशनल गार्ड्स को गोली मारी थी
अमेरिका में बुधवार को व्हाइट हाउस के पास नेशनल गार्ड्स के 2 जवानों को गोली मार दी गई थी। इस मामले में एक अफगान शरणार्थी को हिरासत में लिया गया।
FBI अधिकारियों के मुताबिक, हमले में शामिल संदिग्ध की पहचान 29 साल के रहमानुल्लाह लाकनवाल के तौर पर हुई है। वह अगस्त 2021 में अफगानिस्तान से अमेरिका आया था। उसने 2024 में शरणार्थी के दर्जे के लिए अप्लाई किया था और उसे अप्रैल 2025 में मंजूरी मिली थी।
अमेरिका ने अफगान नागरिकों की इमिग्रेशन प्रोसेस रोकी
अमेरिका ने अफगान नागरिकों की इमिग्रेशन से जुड़ी सभी प्रोसेस तुरंत रोक दी हैं। अमेरिकी सिटिजन और इमिग्रेशन सर्विस (USCIS) ने X पर बताया कि अफगान नागरिकों की सभी इमिग्रेशन रिक्वेस्ट को अब अनिश्चितकाल के लिए रोक दिया गया है।
एजेंसी ने कहा कि सुरक्षा से जुड़ी जांच और वेटिंग सिस्टम की दोबारा समीक्षा की जाएगी। जब तक यह समीक्षा पूरी नहीं हो जाती, तब तक कोई भी अफगान नागरिक इमिग्रेशन से जुड़ी प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ा पाएगा।
USCIS ने अपने बयान में साफ कहा कि अमेरिकी जनता की सुरक्षा सबसे बड़ी प्राथमिकता है, इसलिए यह कदम उठाना जरूरी हो गया था।

ट्रम्प बोले- यह मानवता के खिलाफ अपराध
अमेरिकी जस्टिस डिपार्टमेंट इस मामले को आतंकवादी हमले के तौर पर जांच रहा है। हमले के बाद राष्ट्रपति ट्रम्प ने पेंटागन को निर्देश दिया कि वॉशिंगटन DC में सुरक्षा बढ़ाने के लिए 500 एक्स्ट्रा नेशनल गार्ड्स भेजे जाएं। ट्रम्प ने कहा कि आरोपी इसकी भारी कीमत चुकाएगा।
AP की खबर के मुताबिक एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि एक गार्ड को सिर में गोली लगी है। राष्ट्रपति ट्रम्प ने संदिग्ध को जानवर कहा है।
ट्रम्प ने ट्रुथ पर लिखा- हमारी महान नेशनल गार्ड और सुरक्षा बलों पर गर्व है। मैं और मेरी पूरी टीम उनके साथ है। यह पूरे राष्ट्र के खिलाफ अपराध है। यह मानवता के खिलाफ अपराध है।
ट्रम्प का वीडियो मैसेज- अफगानिस्तान नरक जैसी जगह
राष्ट्रपति ट्रम्प ने एक वीडियो मैसेज जारी कर कहा कि मेरी जानकारी में आया है कि संदिग्ध एक विदेशी है, जो अफगानिस्तान से हमारे देश में आया है जो एक तरह की नरक जैसी जगह है।
ट्रम्प ने कहा कि पिछली सरकार के दौरान अमेरिका आए सभी अफगान नागरिकों की दोबारा जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने इन अफगान नागरिकों की ठीक से जांच नहीं की थी।
ट्रम्प ने दावा किया कि अमेरिका में बाइडेन के शासन में 2 करोड़ ऐसे विदेशी घुसे, जिनकी ठीक से जांच नहीं हुई। यह अब देश की सुरक्षा के लिए खतरा बन चुका है।
———————————–
ये खबर भी पढ़ें…
व्हाइट हाउस के पास फायरिंग, 2 नेशनल गार्ड्स घायल: अफगानिस्तानी हमलावर गिरफ्तार; ट्रम्प बोले- यह आतंकी हमला, अफगान शरणार्थियों के आने पर रोक लगाई

अमेरिका में बुधवार को व्हाइट हाउस के पास नेशनल गार्ड्स के 2 जवानों को गोली मार दी गई। इस मामले में एक अफगान शरणार्थी को हिरासत में लिया गया है। पूरी खबर पढ़ें…


























