
सबसे हेल्दी नाश्ता की रेसिपी
नाश्ते में क्या बनाएं? ये सवाल हर महिला को परेशान करता है। दिन का पहला भोजन यानि नाश्ता हेल्दी होना चाहिए। ब्रेकफास्ट में प्रोटीन और विटामिन से भरपूर चीजें शामिल करनी चाहिए। जिससे आपको दिनभर एनर्जी मिलती रहे और पेट भी भरा रहे। इसलिए आप हरे रंग का स्वादिष्ट और सबसे हेल्दी नाश्ता खा सकते हैं। हरा चीला मूंग दाल से तैयार होता है। जिसे खाने से भरपूर प्रोटीन और दूसरे पोषक तत्व मिल जाते हैं। मूंगदाल का चीला खाने से वजन घटाने में भी आसानी होती है। फाइबर से भरपूर मूंगदाल चीला को डाइटिंग करने वाले लोग भी आसानी से खा सकते हैं। जानिए इसे बनाने का तरीका।
सबसे हेल्दी नाश्ता, मूंगदाल चीला बनाने का तरीका
मूंगदाल का चीला बनाने के लिए 1 कप मूंगदाल छिलका को पानी में भिगो दें। मूंगदाल को रातभर के लिए भिगो दें या फिर इसे 5-6 घंटे के लिए भी सोक कर सकते हैं। इससे दाल अच्छी तरह से फूल जाएगी और पीसने में आसानी होगी।
अब दाल को पानी से अच्छी तरह धो लें और सारा पानी निकालकर मिक्सी में पीस लें। दाल को पीसते वक्त थोड़ा पानी मिलाना हो तो डाल सकते हैं। क्योंकि चीला बनाने के लिए बैटर थोड़ा पतला ही रखना होता है।
दाल पीसते वक्त इसमें 2 हरी मिर्च, 1 इंच अदरक का टुकड़ा और 2-3 कली लहसुन भी डाल दें। जो दाल के साथ अच्छी तरह से पिस जाएंगे और चीला का स्वाद बढ़ाएंगे। दाल को किसी बाउल में निकाल लें और फिर इसमें स्वादानुसार नमक और थोड़ा जीरा मिला लें।
अब पैन पर ऑयल लगाएं और तवा या पैन को तेज गर्म होने के बाद हल्का ठंडा कर लें। अब बैटर लेकर पैन पर चीला की तरह से फैलाएं। मूंगदाल का चीला बनाने के लिए डोसा जैसा बैटर तैयार करना होगा। चीला को मीडियम फ्लेम पर सिंकने दें और फिर पलट दें।
दोनों ओर से चीला को दबाकर अच्छा सेंक लें। अब इसी तरह सारे चीला बनाते जाएं और इन्हें हरी चटनी या सॉस के साथ सर्व करें। हरी मूंगदाल का चीला खाने में बहुत स्वादिष्ट लगता है। इसे बनाना भी आसान है और सुपरहेल्दी नाश्ता है। जिसे बच्चे और बड़े सभी खूब पसंद करते हैं।
Latest Lifestyle News




























