![]()
उज्जैन के महाकाल मंदिर में बुधवार को ओंकारेश्वर से आए कांवड़ियों ने जमकर हंगामा किया। नंदी हॉल में प्रवेश की मांग कर रहे कांवड़ियों ने बैरिकेडिंग तोड़कर अंदर जाने की कोशिश की। रोकने के दौरान मंदिर के 3 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। इनमें से 2 को पैर और सिर में गंभीर चोटें आईं। जानकारी के मुताबिक, ओंकारेश्वर के खेड़ीघाट से करीब 100 दर्शनार्थी कांवड़ लेकर महाकाल मंदिर पहुंचे थे। सभी ने बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के नाम वाली टी-शर्ट पहन रखी थी। दर्शन के दौरान इनमें से कुछ कांवड़ियों ने नंदी हॉल में प्रवेश करने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकना चाहा, लेकिन वे नहीं माने और विवाद बढ़ गया। हंगामे से जुड़ी तस्वीरें देखिए… बैरिकेडिंग कूदकर अंदर जाने लगे कांवड़िए पहली बैरिकेडिंग से आगे पहुंचने के बाद नंदी हॉल की ओर जाने लगे। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन कांवड़िए आगे बढ़ते रहे। इसके बाद एक के बाद एक कांवड़िए बैरिकेडिंग कूदकर अंदर जाने लगे। उन्हें रोकने के दौरान बैरिकेडिंग सुरक्षाकर्मियों पर गिर गई। इससे मंदिर के कुछ सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। मंदिर प्रबंध समिति के अनुसार, घटना के दौरान सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापाई और मारपीट भी हुई। घटना में तीन सुरक्षाकर्मी घायल हुए। इनमें से दो को पैर और सिर में गंभीर चोटें आने के बाद अस्पताल ले जाया गया। दान पेटियां हटाने और गर्भगृह में प्रवेश की कोशिश का आरोप महाकाल मंदिर प्रबंध समिति के अनुसार, कुछ उपद्रवी व्यक्तियों ने मंदिर की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को प्रभावित करने का प्रयास किया। बैरिकेडिंग और अन्य व्यवस्थात्मक अवरोधों को नुकसान पहुंचाने के साथ दान पेटियों को इधर-उधर करने और अनधिकृत रूप से गर्भगृह में प्रवेश करने का भी प्रयास किया गया। मंदिर समिति ने शुरू की कार्रवाई महाकाल मंदिर प्रबंध समिति ने घटना को गंभीरता से लिया है। समिति के अनुसार, घटना में शामिल संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है। पहचान के बाद उनके खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मंदिर समिति के मुताबिक, घटना के दौरान मंदिर की सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश की गई। मामले में आगे की कार्रवाई संबंधित लोगों की पहचान और घटना से जुड़े तथ्यों के आधार पर की जाएगी। खबर लगातार अपडेट की जा रही है…
Source link





















