अमरगढ़ कलेर में बुजुर्ग महिला मनजीत कौर पत्नी गुरमेल सिंह की मौत का मामला उस समय सनसनीखेज हत्या में बदल गया जब पड़ोसी के घर लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में महिला के साथ उसके ही दोहते द्वारा कथित तौर पर मारपीट और गला दबाने की घटना सामने आई। परिवार का आरोप है कि आरोपी दोहता गुरकीरत सिंह उर्फ गोरा पुत्र हरमन सिंह अपनी नानी का घर और अन्य संपत्ति अपने नाम करवाना चाहता था, लेकिन नानी इसके लिए तैयार नहीं थी।
इसी बात को लेकर कथित तौर पर उसने अपनी नानी की हत्या कर दी। मामले में थाना सदर पुलिस ने मृतका की बेटी कुलविंदर कौर निवासी गांव कोकरी बुटरा के बयानों पर उसके बेटे गुरकीरत सिंह उर्फ गोरा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पहले मौत समझकर कर दिया था अंतिम संस्कार
थाना सदर के इंचार्ज सुखविंदर सिंह के अनुसार शिकायतकर्ता कुलविंदर कौर ने बताया कि काफी समय पहले उसकी बड़ी बहन सुरजीत कौर की मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी मां मनजीत कौर की देखभाल के लिए उसके बेटे गुरकीरत सिंह को गांव अमरगढ़ कलेर में नानी के पास रहने के लिए भेजा गया था। बाद में उसकी शादी भी कर दी गई। इस कारण परिवार को गुरकीरत पर पूरा भरोसा था।