पंजाब के श्रद्धालु की मणिमहेश यात्रा के दौरान मौत हो गई। यात्रा के दौरान तबीयत बिगड़ने की वजह से गुरदासपुर के अनमोल की मौत हुई है। एक तरफ हिमाचल प्रदेश में हो रही भारी बारिश की वजह से लैंड स्लाइड की घटनाएं हो रही हैं। वहीं दूसरी और मणिमहेश यात्रा के दौरान कई श्रदालुओं की ऑक्सीजन की कमी के चलते मौत हो रही है। गुरदासपुर निवासी अनमोल (26) पुत्र प्रेम मणिमहेश यात्रा पर गया था। बताया जा रहा है कि ऑक्सीजन की कमी के चलते उसकी मौत हो गई।
गौरतलब है कि गुरदासपुर के नौजवान के अलावा जिला पठानकोट से संबंधित दो नौजवानों की भी मणिमहेश यात्रा के दौरान ऑक्सीजन के चलते मौत हुई है। अनमोल का पोस्टमार्टम भरमौर में होगा। उसके परिवार को वहां के प्रशासन की ओर से सूचित कर दिया गया है।
बता दें कि गुरदासपुर का अनमोल एलआईसी का एजेंट था और वह वकालत की पढ़ाई कर रहा था। इसके पिता टेलर मास्टर हैं। अनमोल की शादी भी तय हुई थी लेकिन इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। भरमौर प्रशासन के अनुसार अनमोल को गत रात कमल कुंड से रेस्क्यू किया गया था, मगर उसकी मौत आज गौरीकुंड में हो गई। उधर 24 घंटों से हो रही भारी बारिश को देखते हुए यात्रा को अस्थायी रोक लगा दी गई और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है।
यह भी पढ़ें: रणजीत सागर डैम के फ्लड गेट खोले: बांध के पास फंसे चार लोग, दो साल का बच्चा भी, छह घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
























