मध्यप्रदेश के विदिशा जिले में बाढ़ वाले गणेश जी के चमत्कारिक मंदिर में पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान ने बप्पा के चरणों में अरदास की और वहीं धार्मिक मंच से पूरे देश से पंजाब की मदद करने की अपील की। यहां मंत्री शिवराज ने पाठ भी किया। यहां धार्मिक मंच से चौहान बोले, मैं कल पंजाब में था। देर रात तक बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया और वहां पीड़ित भाई-बहनों से मिला। पंजाबियों में मैंने अद्भुत सेवा की भावना देखी। मैं उन्हें प्रणाम करता हूं। संकट के समय में हम सभी को पंजाब की सेवा के लिए हाथ बढ़ाना चाहिए।
शिवराज ने कहा, संकट की इस घड़ी में मैंने पंजाब में पीड़ितों की सेवा करने की मिसाल देखी। अपने-अपने गांव से ट्रैक्टरों में भोजन, कपड़े, दवाइयां लेकर हजारों समाजसेवी निकल पड़े हैं और गांव-गांव में सेवा कर रहे हैं। मैंपंजाबियों को सलाम करता हूं। पीड़ित मानवता की सेवा ही भगवान की पूजा है। इस आपदा की घड़ी में न सिर्फ पंजाब, बल्कि आसपास के राज्यों के लोगों ने भी मदद के हाथ बढ़ाए हैं। एकता और सेवा का यही भाव हमें बड़े से बड़े संकट से भी बाहर निकलने की शक्ति देता है। हम इस संकट से भी पंजाब की जनता को उबार देंगे।
मंदिर से जुड़ा है यह चमत्कार
भोपाल से करीब 60 किलोमीटर दूर विदिशा में बेतवा नदी के किनारे स्थित गणेश जी का मंदिर बहुत चमत्कारी माना जाता है। बताया जाता है कि साल 2005 में यहां मिट्टी के गणेश जी की झांकी लगी थी। जबरदस्त बारिश होनी लगी और बेतवा नदी ओवरफ्लो हो गई। हालात यह रहे कि क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बन गई। बाढ़ में मूर्ति समेत आसपास पूरा क्षेत्र डूब गया। 5 से 6 दिन बाद जब बाढ़ का पानी उतरा तो वहां सबकुछ बह गया था मगर गणेश जी की मूर्ति ज्यों की त्यों स्थापित थी। मूर्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ। उसके बाद इस मंदिर को बाढ़ वाले गणेश जी कहा जाने लगा। यह चमत्कार जब शिवराज चौहान की पत्नी को मालूम चला तो उन्होंने यहां गणपति जी का मंदिर बनावाने का संकल्प लिया, जो 2008 में बनकर तैयार हुआ। यहीं बाढ़ वाले गणेश जी के मंदिर में कार्यक्रम के दौरान मंच से केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज चौहान ने पूरे देश से आह्वान करते हुए पंजाब को बाढ़ के संकट से उबारने के लिए मदद मांगी।






























