बीजिंग में शुक्रवार को चीन की तरफ से नियुक्त बौद्ध धर्मगुरु पंचेन लामा ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की और सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीसी) के प्रति अपनी निष्ठा की शपथ ली। यह मुलाकात दलाई लामा के 90वें जन्मदिन से पहले हुई है, जिससे इस पर राजनीतिक नजरिया और तेज हो गया है।
राष्ट्रपति शी ने पंचेन लामा से कहा कि वे तिब्बत में जातीय एकता, धार्मिक सौहार्द और स्थिरता को बढ़ावा देने में बड़ी भूमिका निभाएं। उन्होंने पंचेन लामा से यह भी कहा कि वे धर्म का चीनिकरण यानी धर्म को चीन की विचारधारा के अनुसार ढालने के प्रयासों को आगे बढ़ाएं।
ये भी पढ़ें:- US: मस्क से विवाद के बाद अपनी लाल टेस्ला कार बेच सकते हैं ट्रंप, व्हाइट हाउस ने खारिज कीं सुलह की अटकलें
पंचेन लामा का वादा
पंचेन लामा ने शी जिनपिंग से मुलाकात के दौरान वादा किया कि वे चीन की एकता को मजबूत करने, धर्म के चीनिकरण को आगे बढ़ाने और तिब्बत के आधुनिकीकरण में योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि वे शी जिनपिंग की अनमोल शिक्षाओं को याद रखेंगे और पार्टी के नेतृत्व का पूरी तरह समर्थन करेंगे।
बता दें कि 35 वर्षीय पंचेन लामा को चीन ने 1995 में महज 5 साल की उम्र में नियुक्त किया था। इससे पहले दलाई लामा ने गेडुन चोक्यी न्यिमा को 11वें पंचेन लामा के रूप में मान्यता दी थी, लेकिन चीन ने उन्हें हटाकर अपना प्रतिनिधि नियुक्त किया। गेडुन न्यिमा को उसके बाद से कभी सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चीन की आलोचना होती रही है। हालांकि चीन का कहना है कि न्यिमा एक कॉलेज ग्रेजुएट हैं और स्थिर जीवन जी रहे हैं, लेकिन उन्हें कभी सार्वजनिक तौर पर नहीं दिखाया गया।
ये भी पढ़ें:- US: ‘आतंकवाद को पनाह देने वालों की लोकतंत्रिक देश से बराबरी नहीं’, ट्रंप के मध्यस्थता के दावे पर बोले थरूर
दलाई लामा के उत्तराधिकारी को लेकर तैयारी
यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब दलाई लामा, जो वर्तमान में भारत के धर्मशाला में निर्वासन में रह रहे हैं, अपने उत्तराधिकारी की चयन प्रक्रिया पर जल्द कोई घोषणा कर सकते हैं। चीन स्पष्ट कर चुका है कि दलाई लामा का कोई भी उत्तराधिकारी उसकी आधिकारिक मंजूरी के बिना मान्य नहीं होगा। बताया जा रहा है कि चीन पंचेन लामा को दलाई लामा का उत्तराधिकारी बनाने के लिए तैयार कर रहा है। पंचेन लामा तिब्बत के शिगात्से शहर में रहते हैं, जो अरुणाचल प्रदेश की सीमा के पास है।
अब जानिए क्या होता है सिनिकाइजेशन?
इसका मतलब अलग-अलग धर्म और समाज से आने वाले लोग चीन की संस्कृति को अपना लेते हैं। विशेष रूप से ऐसा करने वाले लोग चीन की हान संस्कृति और भाषा आत्मसात कर लेते हैं। इसके अलावा सामाजिक मानदंड और सांस्कृतिक प्रथाओं को भी अपनाया जाता है।














![Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music](https://i.ytimg.com/vi/sCuLojys0n4/maxresdefault.jpg)











