चंडीगढ़। हाउसिंग बोर्ड से ट्रांसपोर्ट लाइट पॉइंट तक बुधवार सुबह लगभग 9.30 बजे डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस जाम में फंसे लोगों को सामान्य रूप से पांच मिनट में तय होने वाली दूरी को पार करने में लगभग 40 मिनट का समय लगा। इस दौरान कई दफ्तर जाने वाले लोग और एक एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, रेलवे लाइट से दाएं मुड़कर शास्त्री नगर लाइट पॉइंट से सेक्टर-7 पहुंचने में 20 मिनट लग गए।
वाहन चालकों का आरोप है कि जाम के दौरान ट्रांसपोर्ट लाइट पॉइंट पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी पर ध्यान देने के बजाय मोबाइल फोन चलाने में व्यस्त थे। जाम में फंसे कुछ वाहन चालकों ने बताया कि एक महिला पुलिसकर्मी समेत दो मुलाजिम जाम को देखते हुए भी अपनी कुर्सी पर बैठे रहे। लोगों का कहना है कि अगर ट्रैफिक लाइट को मैनुअली ऑपरेट किया जाता तो जाम को जल्दी खत्म किया जा सकता था। एक चालक ने बताया कि एक लाइट पार करने में पांच बार ग्रीन सिग्नल का इंतजार करना पड़ा। वाहन चालकों ने बताया कि यह समस्या अब रोज की हो चुकी है और ट्रैफिक पुलिस की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
बिना बारिश भी बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था
आमतौर पर बारिश के कारण जाम की स्थिति बनती है लेकिन बुधवार को मौसम साफ होने के बावजूद यह लंबा जाम लगा। लोगों का कहना है कि अगर ट्रैफिक पुलिसकर्मी अपनी जिम्मेदारी सही से निभाएं, तो रोज लगने वाले इस तरह के जाम से लोगों को राहत मिल सकती है। जाम इतना लंबा था कि ट्रांसपोर्ट लाइट पॉइंट से रेलवे लाइट पॉइंट के पास बने पुल तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।