चंडीगढ़। गुजरात की गिफ्ट सिटी की तर्ज पर चंडीगढ़ में प्रस्तावित सिफ्ट सिटी (चंडीगढ़ इंटरनेशनल फाइनेंस-टेक) प्रोजेक्ट को अब गृह मंत्रालय (एमएचए) से मंजूरी लेनी होगी।
डीसी निशांत कुमार यादव ने बताया कि नई गाइडलाइंस के अनुसार प्रशासन पहले इस प्रोजेक्ट के लिए एक कंसल्टेंट नियुक्त करेगा। कंसल्टेंट की रिपोर्ट के आधार पर पूरी फाइल तैयार कर एमएचए को भेजी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि वे खुद गुजरात की गिफ्ट सिटी का आधिकारिक दौरा कर प्रोजेक्ट की रूपरेखा का अध्ययन करेंगे।
सूत्रों के अनुसार इंडस्ट्रियल एरिया फेज-3 में यह सिफ्ट सिटी तैयार की जाएगी। इसमें सर्विस, आईटी, फाइनेंस, हेल्थ सहित अन्य सेक्टर से जुड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों को अपने सेटअप स्थापित करने के लिए आकर्षित किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद पीजीआई, जीएमसीएच-32, पंजाब यूनिवर्सिटी, सीसीईटी, पेक और अन्य कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।

























