
demo pic…
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा से सटे पुंछ-राजोरी में नापाक हरकतों को अंजाम देकर सुरक्षित बच निकलने के बाद इन जिलों में डेरा जमाए आतंकियों ने रणनीति में बदलाव किया है। सुरक्षा बलों से बचने के लिए दहशतगर्द पाकिस्तानी सिमकार्ड का बदल-बदलकर प्रयोग कर रहे हैं। एक बार एक कंपनी का सिम प्रयोग करने के बाद दूसरी कंपनी का सिमकार्ड प्रयोग किया जा रहा है।
इससे सुरक्षा एजेंसियों को आतंकियों को ट्रेस करने में मुश्किल आ रही है। नियंत्रण रेखा से सटे इन जिलों में पाकिस्तान ने ऊंचाई वाले अपने क्षेत्रों में सौ से अधिक हाई फ्रीक्वेंसी के मोबाइल टावर लगाए हैं। इनका नेटवर्क नियंत्रण रेखा से सटे इलाकों के साथ-साथ 80 से 90 किलोमीटर दूरी पर स्थित क्षेत्रों तक स्पष्ट तौर पर आता है। इससे पुंछ व राजोरी जिले के पीर पंजाल में स्थित जंगलों में बनाए गए गुप्त ठिकानों से वारदातों को अंजाम देने के लिए दहशतगर्द पाकिस्तान में बैठे आकाओं के साथ आसानी से संपर्क कर रहे हैं।
पुंछ के इन इलाकों से साफ दिख रहे पाकिस्तानी टावर
नियंत्रण रेखा पर पुंछ जिले के आसपास के इलाकों खड़ी, करमाडा, दिगवार, दलान, बगयालदरा, शाहपुर आदि से पाकिस्तानी टावर साफ नजर आते हैं। सूत्रों के अनुसार इन टावरों का सिग्नल जिले के थानपीर, डोडी, जब्बीधोती, हाडीबुड्डा, सावनी टाॅप, टोपीपी, देहरागली टाॅप, लोरन, शींदरा टाॅप, संगयोट के साथ पीर की गली सहित पीर पंजाल के करीब-करीब सभी ऊंचाई वाले क्षेत्रों तक आता है। मेनुअली सर्च करने में कई क्षेत्रों में तीन तो कई में पांच पाकिस्तानी मोबाइल कंपनियों का नेटवर्क दिखने लगता है। यह नेटवर्क पाकिस्तान प्रशिक्षित आतंकियों को सुरक्षा बलों से बचकर काफी समय तक जिंदा रहने में सहायता कर रहा है।
डेढ़ साल पहले भी अमर उजाला ने किया था सचेत
अमर उजाला ने डेढ़ वर्ष पहले सचेत किया था कि नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान संघर्ष विराम की आड़ में धड़ल्ले ने मोबाइल टावर खड़े कर रहा है। पुंछ जिले में पाकिस्तान के कब्जे वाले ऊपरी इलाकों पर लगाए जा रहे टावर साफ तौर पर दिखाई दे रहे हैं। आने वाले समय में क्षेत्र में आतंकवाद को बढ़ावा देने में ये टावर पाकिस्तान को सहायता प्रदान करेंगे।










![JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan](https://i.ytimg.com/vi/-dsfIh319s0/maxresdefault.jpg)











