लंदन3 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

स्पाइडर मैन स्टार टॉम हॉलैंड के एक इंटरव्यू के बाद ‘रिज’ शब्द वायरल हुआ।
‘रिज’ (Rizz) 2023 का वर्ड ऑफ ईयर यानी साल का शब्द चुना गया है। इसे ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी में भी शामिल कर लिया गया है। वर्ड ऑफ ईयर की लिस्ट में रिज समेत 8 शब्द- सिचुएशनशिप, स्विफ्टी, प्रॉम्प्ट, बीज फ्लैग, डी-इंफ्लुएंसिंग, हीट डोम और पैरासोशल थे।
न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, इन आठ शब्दों का चयन 2200 करोड़ शब्दों के एनालिसिस के आधार पर किया गया है। ये शब्द उन सामाजिक बदलावों और रुझानों को दिखाते हैं जो 2023 में हुए। 2022 में ऑक्सफोर्ड ने गॉबलिन मोड (Goblin Mode) को वर्ड ऑफ द ईयर चुना था।
टॉम हॉलैंड के इंटरव्यू के बाद वायरल हुआ रिज
हॉलीवुड एक्टर टॉम हॉलैंड ने एक इंटरव्यू में रिज शब्द का इस्तेमाल किया था। इसके बाद से यह शब्द वायरल हो गया। रिज का मतलब रोमांटिक अपील है। इसका इस्तेमाल किसी व्यक्ति के स्टाइल, चार्म और अट्रैक्टिवेनेस को बताने के लिए किया जाता है।

इंटरव्यू के दौरान टॉम हॉलैंड से रिज के बारे में पूछा गया था। इसके जवाब में टॉम ने कहा था- मुझे किसी भी तरह का कोई रिज नहीं है।
शॉर्ट लिस्ट हुए बाकी शब्दों का मतलब जानिए…
सिचुएशनशिप (Situationship) : यह शब्द ऐसे प्रेम संबंध को बताने के लिए गढ़ा गया जो फॉर्मल न हो। यानी पार्टनर्स के बीच संबंध हों पर इस रिश्ते को ऑफिशियली कोई नाम न दिया गया हो।
बीज फ्लैग (Beige Flag) : यह शब्द बोरिंग पर्सनैलिटी की तरफ इशारा करता है। यानी वो इंसान जिससे बात करने या दोस्ती रखने में खुशी न मिले।
डी-इंफ्लुएंसिंग (De-influencing) : इसका मतलब है- सोशल मीडिया के जरिए लोगों को यह बताना कि फलां प्रोडक्ट न खरीदें या इसका कम इस्तेमाल करें।
स्विफ्टी (Swiftie) : यह शब्द पॉप सिंगर टेलर स्विफ्ट की लोकप्रियता बताने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
हीट डोम (heat dome) : यह ज्यादा दबाव वाली मौसम प्रणाली को दर्शाता है जो गर्म हवा को कैद करती है।
पैरासोशल (Parasocial) : सेलेब्रिटी को लेकर उनके फैंस की ओर से महसूस की जाने वाले एकतरफा आकर्षण को पैरासोशल कहा जाता है।
प्रॉम्प्ट (Prompt) : आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस प्रोग्राम या एल्गोरिद्म को दिया जाने वाला इंस्ट्रक्शन।
1884 में पहली बार ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी पब्लिश हुई
1 फरवरी 1884 को ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी पहली बार पब्लिश हुई थी। इसे बनाने की शुरुआत 1857 से ही हो गई थी। उस समय लंदन के फिलोलॉजिकल सोसाइटी के लोगों ने व्यवस्थित रूप से इंग्लिश की डिक्शनरी तैयार करने पर विचार किया था। इसमें 11वीं शताब्दी से 18वीं शताब्दी में प्रचलित एंग्लो-सेक्सन शब्दों को शामिल किया गया। उस वक्त इसे 4 वॉल्यूम में तैयार किया गया। इसमें 6,400 ज्यादा शब्द शामिल किए गए थे।
ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी को तैयार करने में हजारों लोगों का योगदान रहा, लेकिन सर जेम्स ऑगस्टस हेनरी मरे और डॉ. विलियम चेस्टर माइनर इनमें सबसे प्रमुख रहे हैं। हेनरी मरे जहां डिक्शनरी के लेखक थे, वहीं अमेरिकी सर्जन डॉ. विलियम चेस्टर माइनर ने अकेले ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी को 10,000 से ज्यादा शब्द दिए।

ऐसा कहा जाता है कि अगर डिक्शनरी में शामिल सभी शब्दों को टाइप करें तो 120 साल से ज्यादा का समय लग सकता है।
1928 में पूरी तरह से तैयार कर लिया गया
पब्लिश होने के 40 साल बाद डिक्शनरी को 1928 में पूरी तरह से तैयार कर लिया गया। इस डिक्शनरी में 4 लाख से ज्यादा शब्द शामिल किए गए और इसे 10 वॉल्यूम में तैयार किया गया। इसका शीर्षक था- अ न्यू इंग्लिश डिक्शनरी ऑन हिस्टोरिकल प्रिंसिपल्स (A NEW ENGLISH DICTIONARY ON HISTORICAL PRINCIPLES)। तब से हर साल ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी में हर भाषा के शब्दों को शामिल किया जाता है।
डिक्शनरी के 20 वॉल्यूम मौजूद
इस तरह ये डिक्शनरी हर साल अपडेट की जाती है। 1984 में डिक्शनरी का इलेक्ट्रॉनिक वर्जन लाने पर विचार किया गया। इसके लिए 120 लोगों ने डिक्शनरी के शब्द टाइप किए। 50 प्रूफ रीडर रखे गए। 2000 से डिक्शनरी का ऑनलाइन वर्जन एक्टिव है।
वर्तमान में ऑक्सफोर्ड डिक्शनरी के 20 वॉल्यूम मौजूद हैं। इसमें 60 मिलियन (6 करोड़) से ज्यादा शब्द मौजूद हैं। इसका वजन 62 किलो से ज्यादा है। ऐसा कहा जाता है कि अगर डिक्शनरी में शामिल सभी शब्दों को टाइप करें तो 120 साल से ज्यादा का समय लग सकता है।




























