
सांकेतिक तस्वीर।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट की रोक हटते ही हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने 20 ग्रुपों की कुल 59 श्रेणियों के 10,233 पदों का अंतिम परिणाम जारी कर दिया। आयोग ने फायरमैन एंड ड्राइवर श्रेणी की भर्ती छोड़ बाकी सभी श्रेणियों के चयनितों का रिकॉर्ड और उनका परिणाम भी संबंधित विभागों को ऑनलाइन भेज दिया है।
ये विभाग कल यानी गुरुवार से ही अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर देंगे। पद जल्दी भरने के लिए हरियाणा सरकार ने बकायदा नए चयनित अभ्यर्थियों को दस्तावेज जांच में छूट भी दी है। विभाग पहले नियुक्ति देगा और आगामी दो माह के अंदर उनके दस्तावेजों और चरित्र सत्यापन की जांच करेगा। इसके लिए हरियाणा के मुख्य सचिव संजीव कौशल ने राज्य के प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों सहित प्रबंध निदेशकों, मुख्य प्रशासकों, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों और विश्वविद्यालयों के रजिस्ट्रारों को आदेश भी जारी किए है। इसमें कहा गया है कि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग और हरियाणा लोक सेवा आयोग 30 जून, 2024 तक नियुक्तियों के लिए अनुशंसित उम्मीदवारों को दस्तावेजों के सत्यापन के बिना अंतरिम रूप से नियुक्त कर सकता है।
दूसरी तरफ चयनित नहीं होने पर फायरमैन और ड्राइवर श्रेणी के सैकड़ों अभ्यर्थियों ने पंचकूला के सेक्टर-2 स्थित आयोग कार्यालय का घेराव किया। देर रात तक उनका धरना जारी रहा। तनावपूर्ण हालात को देख पुलिस भी बुलानी पड़ी। अभ्यर्थियों का आरोप है कि दस्तावेज अपलोड करने के बावजूद उनका परिणाम जारी नहीं किया गया है।


























