पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज कॉमेडियन व अभिनेता जसविंदर भल्ला का शुक्रवार सुबह मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में निधन हो गया। जसविंदर भल्ला (65 साल) बीते कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। भल्ला परिवार के साथ मोहाली में रहते थे। उनके निधन के बाद पॉलीवुड इंडस्ट्री की हस्तियां शोक जताने उनके घर मोहाली पहुंच रही हैं। इसके अलावा राजनीतिक दलों ने भी जसविंदर भल्ला के देहांत पर दुख साझा करते हुए परिवार के प्रति संवेदना जाहिर की है।
जसविंदर भल्ला के निधन पर मोहाली स्थित उनके घर पर कलाकारों के पहुंचने का सिलसिला लगा हुआ है। पंजाब सिंगर व एक्टर गिप्पी ग्रेवाल, प्रीत हरपाल समेत अन्य कलाकार भल्ला के परिवार के साथ दुख साझा करने के लिए पहुंचे हैं। इनके अलावा पूर्व मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू, दीपक बाली, राइटर व एक्टर नरेश कथूरिया, करमजीत अनमोल और मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह भी भल्ला के घर पर परिवार के साथ दुख जताने पहुंचे हैं। भल्ला के निधन पर सभी का यही कहना है कि दुनिया को हंसाने वाला आज रूला गया।
इनके अलावा उनके करीबी दोस्त बाल मुकुंद शर्मा ने कहा कि जसविंदर भल्ला के जाने का नुकसान कभी पूरा नहीं हो सकता। हमारा 40 साल पुराना रिश्ता था। भल्ला ने मुझे भाई कहते थे। कॉमेडियन पम्मी ने कहा कि दिल और शुगर की बीमारी के कारण उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली थी। उनका जाना पंजाबी इंडस्ट्री के लिए कभी पूरी न होने वाली कमी है। पंजाब कांग्रेस ने भी शोक संदेश जारी कर कहा कि भल्ला अपनी कला के माध्यम से लंबे समय तक लोगों के जीवन में हंसी बिखेरते रहे। वे सदैव हमारे दिलों में जीवित रहेंगे। विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि जसविंदर भल्ला की कॉमेडी आत्मा पर असर करती है। उनके जैसे कलाकार बहुत कम होते हैं। उनका जाना पूरे पंजाब के लिए बड़ा सदमा है।
यह भी पढ़ें: ‘छनकटियां की झंकार के खामोश होने से दुखी’: अभिनेता जसविंदर भल्ला के निधन पर CM मान ने जताया दुख, की भावुक पोस्ट










![JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan](https://i.ytimg.com/vi/-dsfIh319s0/maxresdefault.jpg)












