
सांकेतिक तस्वीर।
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
ड्रोन के माध्यम से पाकिस्तान से आई हेरोइन की खेप लेकर जा रहे बाइक सवार दो तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसमें खेमकरण हलके के आप विधायक सरवन सिंह धुन्न का भतीजा जशनप्रीत सिंह उर्फ जशन निवासी गांव नारली भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया। भारत-पाकिस्तान सीमा पर तैनात बीएसएफ की 103 बटालियन के जवानों ने रात को बीओपी केएस वाला पर सीमा के पार से हरकत महसूस की। इसके बाद नाइट विजन कैमरे से देखा तो एक ड्रोन भारतीय इलाके की तरफ आ रहा था।
जवानों ने आठ राउंड फायरिंग की और ड्रोन दिखाई देना बंद हो गया। सुबह सर्च अभियान चलाया तो ड्रोन बरामद हो गया। इस बीच पुलिस ने गांव नारली डिफेंस ड्रेन की तरफ से होंडा मोटर साइकिल पर आ रहे दो लोगों को घेरकर तलाशी ली। उनके कब्जे से एक किलो 10 ग्राम हेरोइन के दो पैकेट मिले। बाद में दोनों की पहचान जशनप्रीत सिंह उर्फ जशन निवासी गांव नारली थाना खालडा और उसके साथी (बाइक चालक) गुरजंट सिंह गट्टू निवासी गांव जियोबाला थाना सदर तरनतारन के तौर पर हुई।
दोनों ने प्रथम जांच में माना कि ड्रोन के माध्यम से पाकिस्तान से आई हेरोइन की खेप को ठिकाने लगाने जा रहे थे। दोनों को शाम को अदालत में पेश करके पुलिस ने रिमांड पर लिया है। डीएसपी प्रीतइंदर सिंह ने बताया कि आरोपियों से और सुराग लगने की उमीद है।


























