
हादसे के दौरान मौजूद लाेग।
– फोटो : संवाद
विस्तार
पंजाब के कपूरथला में करतारपुर रोड पर गांव दुबुर्जी के नजदीक बाइक-पिकअप वैन के बीच भीषण टक्कर का समाचार मिला है। इसमें बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि दो जख्मी हो गए। जिन्हें नजदीक के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पीसीआर के टैंगो-1 की टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार मनप्रीत सिंह उर्फ मनी (24) पुत्र सुरजीत सिंह निवासी गांव दुबुर्जी किसी काम से अपने दो साथियों बॉबी और विक्की सहित बाइक ( पीबी-09एएच-2601) पर सवार हो करतारपुर जा रहा था। अभी कुछ दूर ही गए थे। तभी उनकी बाइक और एक पिकअप वैन (पीबी-08ईजी-6503) में टक्कर हो गई।
जिसमें बाइक सवार दो युवक घायल हो गए, जबकि मनप्रीत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई है। दोनों घायलों बॉबी और विक्की को उपचार के लिए नजदीक ही एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मौके पर मौजूद लोगो के अनुसार टक्कर के बाद पिकअप चालक ने गाड़ी भगा ली, लेकिन कुछ दूर जाकर उसकी गाड़ी पंचर हो गई।
जिसके बाद चालक अपनी गाड़ी वहीं छोड़ फरार हो गया है। मृतक मनप्रीत सिंह की शादी लगभग 2 वर्ष पहले ही हुई थी और उसके एक बेटा भी है। परिजनों ने यह भी बताया कि मनप्रीत सिंह करतारपुर में किसी के पास काम करता है और दोपहर को खाना खाने घर आया था। खाना खाने के बाद वापस काम पर जाते हुए हादसा हो गया।
पीसीआर टीम के इंचार्ज चरणजीत सिंह ने बताया कि मृतक के शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल में रखवा दिया है। एसएचओ कोतवाली लखविंदर सिंह ने बताया कि कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।


























