कस्बा अजनाला क्षेत्र में गांव बोया वाला के पास शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय लवप्रीत सिंह और 42 साल की सतिंदर कौर को तौर पर हुई है। दोनों घर से दवाई लेने के लिए निकले थे।
जानकारी के मुताबिक एक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार चाची और भतीजे की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बोलेरो की रफ्तार काफी तेज थी और ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया, जिस कारण यह हादसा हुआ। टक्कर लगते ही बाइक सवार दूर जा गिरे और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार बोलेरो चालक की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के कड़े उपाय और तेज रफ्तार पर अंकुश लगाने की मांग की है। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।


























