
Diwali 2023
– फोटो : ANI
विस्तार
दिवाली का त्योहार गुरु नगरी अमृतसर में बढ़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। दूर दूर से श्रद्धालु बढ़ी संख्या में श्री हरिमंदिर साहिब माथा टेकने के लिए पहुंच रहे हैं। उधर श्री दुर्ग्याणा मंदिर में भी सुबह से लेकर शाम तक श्रद्धालु ठाकुर जी व मां लक्ष्मी जी के दर्शन करने पहुंचे रहे। सुबह से ही श्री हरिमंदिर साहिब में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा हुआ है।
दिवाली का त्योहर सिख पंथ में बंदी छोड़ दिवस के रूप में मनाया जाता है। छवें गुरु श्री गुरु हरिगोबिंद साहिब जी दिवाली के ही दिन 52 राजाओं समेत ग्वालियर के किले से रिहा होकर श्री अमृतसर पहुंचे थे। तब बाबा बुढ्ढा जी की अगुआई में सिख पंथ की ओर से दीपमाला की गई थी। तभी से दीवाली को बंदी छोड़ दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।
अमृतसर की दिवाली काफी मशहूर है। इसलिए कहा जाता है – दाल रोटी घर की, दीवाली अमृतसर की। सुबह से ही श्रद्धालु अपने परिवारों के साथ श्री हरिमंदिर साहिब और श्री दुर्ग्याणा मंदिर में माथा टेकने के लिए पहुंच रहे है। संगत हरिमंदिर साहिब के पवित्र सरोवर में स्नान करके गुरबाणी का श्रवण कर रही थी।
श्री हरिमंदिर साहिब, श्री अकाल तख्त और हरिमंदिर साहिब परिसर में स्थित इमारतों पर रंग बरंगी लड़िया लगाकर रोशनी की गई है। देर शाम श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी ज्ञानी रघबीर सिंह ने श्री हरिमंदिर साहिब की ढियोडी से पंथ के नाम दीवाली पर संदेश जारी किया।

























