प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 मई को आदमपुर एयरबेस पर जवानों से मुलाकात की थी। आज लोकसभा में उन्होंने वहां जाने की कहानी बताई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को लोकसभा सेशन के दौरान कहा कि पाकिस्तान ने पंजाब के आदमपुर को लेकर झूठ फैलाने की कोशिश की। अगले ही दिन मैं आदमपुर एयरबेस गया और उनका झूठ सामने ला दिया।
.
मोदी ने यह भी कहा कि पहलगाम हमले के बाद भी एक BSF जवान पाकिस्तान की सीमा में गया, और पकड़ा गया। इन्हें लगा एक और मौका मिल गया। सोशल मीडिया में BSF के जवान पर न जाने क्या क्या चला दिया, लेकिन वह जवान भी आन बान शान के साथ वापस आ गया।
पहलगाम हमले के बाद भारत की पाकिस्तान पर ऑपरेशन सिंदूर की कार्रवाई के बाद 13 मई को मोदी आदमपुर एयरबेस पर पहुंचे थे। यहां उन्होंने एयरफोर्स के जवानों से मुलाकात की। साथ ही उन्हें संबोधित भी किया।

13 मई को मोदी ने आदमपुर एयरबेस में एयरफोर्स के जवानों को संबोधित किया था।
जानिए PM मोदी ने आदमपुर एयरबेस पर क्या कहा था…
पाकिस्तान में आतंकी चैन की सांस नहीं लेंगे PM मोदी ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा था- भारत में निर्दोष लोगों का खून बहाने का एक ही अंजाम होगा- विनाश और महाविनाश। जिस पाकिस्तानी सेना के भरोसे ये आतंकी बैठे थे, भारत की सेना, एयरफोर्स और नेवी ने उस पाकिस्तानी सेना को भी धूल चटा दी। पाकिस्तान में ऐसा कोई ठिकाना नहीं है, जहां बैठकर आतंकवादी चैन की सांस ले सकें। हम घर में घुसकर मारेंगे और बचने का एक मौका तक नहीं देंगे। हमारे ड्रोन्स, मिसाइलों के बारे में सोचकर पाकिस्तान को कई दिन तक नींद नहीं आएगी।
हम मुंह तोड़ जवाब देंगे उन्होंने आगे कहा था कि पाकिस्तान की गुहार के बाद भारत ने सिर्फ अपनी सैन्य कार्रवाई को स्थगित किया है। अगर पाकिस्तान ने फिर से आतंकी गतिविधि या सैन्य दुस्साहस दिखाया तो हम उसका मुंह तोड़ जवाब देंगे। यह जवाब अपनी शर्तों पर, अपने तरीके से होगा। इस निर्णय की आधारशिला, इसके पीछे छिपा विश्वास, आपका धैर्य, शौर्य, साहस और सजगता है।
वायुसेना की भी तारीफ की उन्होंने वायुसेना की तारीफ करते हुए कहा कि आज हमारे पास नई टेक्नोलॉजी का सामर्थ्य है, जिसका पाकिस्तान सामना नहीं कर सकता है। एयरफोर्स सहित सभी सेनाओं के पास दुनिया की श्रेष्ठ तकनीक पहुंची है, नई टेक्नोलॉजी के साथ चुनौतियां भी उतनी बड़ी होती हैं। कॉम्प्लिकेटेड और सोफेस्टिकेटेड सिस्टम को मेंटेन करना और एफिशिएंसी के साथ चलाना स्किल है। भारत की वायुसेना सिर्फ हथियारों से ही नहीं, डेटा और ड्रोन से भी दुश्मन को छकाने में माहिर हो गई है।
एयर डिफेंस सिस्टम मजबूत सुरक्षा कवच मोदी ने कहा था कि यह अब भारतीय सेनाओं के मजबूत स्वरूप की पहचान है। ऑपरेशन सिंदूर में मैन पावर के साथ ही मशीन का कोऑर्डिनेशन भी अद्भुत रहा है। भारत के पारंपरिक एयर डिफेंस सिस्टम, आकाश जैसे मेड इन इंडिया प्लेटफॉर्म, एस-400 जैसे आधुनिक डिफेंस सिस्टम ने अभूतपूर्व मजबूती दी है। एक मजबूत सुरक्षा कवच भारत की पहचान बन चुका है। पाकिस्तान की लाख कोशिश के बाद भी हमारे एयरबेस हों या डिफेंस इन्फ्रास्ट्रक्चर, उन पर आंच तक नहीं आई। इसका श्रेय आप सभी को जाता है।

आदमपुर एयरबेस पर जवानों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। (फाइल)
हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं…


























