10:51 AM, 06-Jun-2025
विकास की नई किरण साबित होगा कटड़ा-श्रीनगर रेलमार्ग- उमर
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि कटड़ा-श्रीनगर रेलमार्ग प्रदेश में विकास की नई किरण साबित होगा। इससे जम्मू-कश्मीर का आगे बढ़ना तय है। शुक्रवार का दिन प्रदेश के लिए मील का पत्थर साबित होगा। घाटी को शेष भारत से जोड़ने का सपना पूरा होने जा रहा है। इससे पर्यटन और कारोबार दोनों बढ़ेंगे। विकास को नई रफ्तार मिलेगी। घाटी की फल-सब्जियां आसानी से अन्य राज्यों की मंडियों तक पहुंचेंगी। देश के किसी भी कोने से पर्यटक अब सड़क, वायु और रेलमार्ग तीनों तरह से घाटी तक आसानी से पहुंच पाएंगे।
10:36 AM, 06-Jun-2025
पीएम बोले-जम्मू-कश्मीर के बहनों-भाइयों के लिए विशेष दिन
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि छह जून का दिन वास्तव में जम्मू-कश्मीर के मेरे बहनों और भाइयों के लिए विशेष दिन है। 46,000 करोड़ रुपये की लागत वाली प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया जाएगा। इसका लोगों के जीवन पर बहुत सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। वास्तुकला की असाधारण उपलब्धि होने के अलावा चिनाब रेल पुल जम्मू और श्रीनगर के बीच संपर्क में सुधार करेगा। अंजी ब्रिज भारत के पहले केबल-स्टेड रेल पुल के रूप में चुनौतीपूर्ण भूभाग पर स्थित है। उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना सभी मौसम में कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी। श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से श्रीनगर तक वंदे भारत ट्रेनें आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देंगी तथा आजीविका के अवसर पैदा करेंगी।
10:24 AM, 06-Jun-2025
चेयरकार का किराया 715 तो ईसी का 1320 रुपये
कटड़ा-श्रीनगर तक का चेयरकार (सीसी) का किराया 715 रुपये, जबकि एक्जीक्यूटिव क्लास (ईसी) एसी का 1320 रुपये होगा। दोपहर में श्रीनगर से कटड़ा आने वाली ट्रेन में चेयरकार का किराये में 880 रुपये जबकि एसी का 1515 रुपये है। ट्रेन 190 किमी का सफर एक तरफ से तीन घंटे पांच मिनट में तय करेगी।
10:02 AM, 06-Jun-2025
पीएम का कार्यक्रम
- सुबह 11 बजे रियासी में विश्व के सबसे ऊंचे चिनाब पुल का निरीक्षण कर राष्ट्र को समर्पित करेंगे
- अंजी खड्ड पर बने देश के पहले केबल स्टेड पुल का निरीक्षण करेंगे
- दोपहर 12 बजे कटड़ा से वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। कटड़ा स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करेंगे
- दो जोड़ी ट्रेनें चलेंगी
- रेलवे ने वंदे भारत की समयसारिणी जारी की है। कटड़ा-श्रीनगर के बीच दो जोड़ी ट्रेनें चलेंगी। 26402-26401 श्रीनगर-कटड़ा मंगलवार को छोड़कर सप्ताह के बाकी सभी दिन चलेंगी। वहीं, 26404-26403 कटड़ा-श्रीनगर वंदे भारत बुधवार को छोड़कर बाकी सभी दिन चलेंगी।
09:40 AM, 06-Jun-2025
46 हजार करोड़ से अधिक की लागत वाली परियोजनाओं की देंगे सौगात
पीएम 46 हजार करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसमें 43,780 करोड़ की लागत से निर्मित 272 किलोमीटर लंबी उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेलवे लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना भी शामिल है। यूएसबीआरएल घाटी को सीधी ट्रेन कनेक्टिविटी देगा। कश्मीर और देश के बाकी हिस्सों के बीच सभी मौसमों में निर्बाध रेल संपर्क स्थापित होगा।
09:36 AM, 06-Jun-2025
जम्मू-कश्मीर में तरक्की के नए आयाम
वहीं, पीएम मोदी की जम्मू-कश्मीर के दौरे के चलते बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई है। आयोजन स्थलों पर और उसके आसपास भारी सुरक्षा बल तैनात किए गए। ड्रोन समेत नवीनतम गैजेट तैनात किए गए हैं। घुसपैठ और राष्ट्रविरोधी व विध्वंसक तत्वों की आवाजाही रोकने के लिए सीमाओं और भीतरी इलाकों में सुरक्षा ग्रिड को और मजबूत किया गया है। 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर के बाद पीएम मोदी की यह केंद्रशासित प्रदेश की पहली यात्रा है।
09:32 AM, 06-Jun-2025
PM Modi Jammu Visit Live: जम्मू-कश्मीर आज लिखेगा नया अध्याय, पीएम राष्ट्र को समर्पित करेंगे बेमिसाल चिनाब पुल
जम्मू-कश्मीर शुक्रवार को इतिहास रचेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश को ऐतिहासिक सौगातें देंगे। चिनाब दरिया पर बने रेलवे के नायाब, अद्भुत और बेमिसाल चिनाब पुल को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इससे देश के मस्तक पर एक और नगीना जड़ जाएगा।
पीएम कटड़ा से वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर श्रीनगर रवाना करेंगे। इससे कश्मीर रेल मार्ग से कन्याकुमारी तक जुड़ जाएगा और दिल्ली के दिल में कश्मीर और नजदीक आएगा। वहीं वर्षों पहले कश्मीर तक ट्रेन पहुंचाने का सपना भी पूरा होगा। प्रदेश तरक्की के सफर पर आगे बढ़ेगा। यात्री वंदे भारत में शनिवार से सफर कर सकेंगे।














![Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music](https://i.ytimg.com/vi/sCuLojys0n4/maxresdefault.jpg)











