पंजाब विश्वविद्यालय (पीयू) चंडीगढ़ में सीनेट संशोधन का फैसला केंद्र सरकार ने वापस ले लिया है। हालांकि, पीयू में बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। पंजाब यूनिवर्सिटी बचाओ मोर्चा की ओर से 10 नवंबर को बड़े प्रदर्शन का एलान किया गया है। उनकी मांग है कि सीनेट चुनावों की घोषणा की जाए।
इसी बीच रविवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री, पंजाब यूनिवर्सिटी के सीनेट सदस्य व पीयू पूर्व छात्र पवन कुमार बंसल पंजाब यूनिवर्सिटी में मोर्चा के सदस्यों से मिले। इस दौरान पवन बंसल ने कहा कि पंजाब यूनिवर्सिटी में उन्होंने पढ़ाई की है। केंद्र सरकार इस यूनिवर्सिटी पर कब्जा करना चाहती है, लेकिन स्टूडेंट्स इस बीच में आ गए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का एक पैटर्न है कि वह हर चीज का निजीकरण करना चाहते हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन को तुरंत चुनाव का शेड्यूल जारी करना चाहिए। प्रदर्शन को लेकर उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी को किसी भी बाहरी व्यक्ति को अंदर आने से नहीं रोकना चाहिए।
रविवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेता सरदार सुखजिंदर सिंह रंधावा पंजाब विश्वविद्यालय बचाओ मोर्चा पहुंचे। उनके अलावा वरिष्ठ कांग्रेस नेता राणा गुरजीत सिंह ,फतेहगढ़ साहिब से सांसद डॉ. अमर सिंह, धूरी से पूर्व विधायक सरदार दलवीर सिंह गोल्डी खंगूरा. पंजाब के नेता प्रतिपक्ष सरदार प्रताप सिंह बाजवा भी पंजाब यूनिवर्सिटी बचाओं मोर्चा के धरने में शामिल होने पहुंचे।
पीयू में चल रहे बवाल के बीच विश्वविद्यालय के डीन ऑफ यूनिवर्सिटी इंस्ट्रक्शन (डीयूआई) कार्यालय की ओर से शनिवार को जारी नए आदेश के अनुसार 10 और 11 नवंबर 2025 को अवकाश घोषित किया गया है। पहले 1 और 8 नवंबर को कार्य दिवस घोषित किए जाने के बदले में 22 दिसंबर और 27 जनवरी 2026 को अवकाश घोषित किए गए थे, लेकिन अब इन तिथियों में संशोधन कर दिया गया है।
नई अधिसूचना के तहत 10 और 11 नवंबर को छुट्टियां रहेंगी। यह आदेश पीयू स्थित सभी शिक्षण विभागों, केंद्रों, संस्थानों एवं प्रशासनिक कार्यालयों पर लागू होगा। डीन ऑफ यूनिवर्सिटी इंस्ट्रक्शन ने परिपत्र की प्रतियां सभी विभागाध्यक्षों, निदेशकों, समन्वयकों तथा विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार और अन्य प्रशासनिक कार्यालयों को भेजी हैं।
पीयू प्रवेश को लेकर विद्यार्थियों ने गेट नंबर 2 पर जाकर हटाए बैरिकेड
हाल ही में पीयू प्रशासन की ओर से लेटर जारी कर कहा गया कि अब पीयू में बिना आईडी कार्ड और बिना पीयू स्टिकर के विद्यार्थियों को कैंपस में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। शनिवार को जब गेट नंबर दो पर विद्यार्थियों को रोका गया तो पीयू बचाओ मोर्चा के सदस्य गेट पर पहुंचे। उन्होंने बैरिकेड हटाए और सुरक्षाकर्मियों से अपील की कि धरने का समर्थन करने आ रहे विद्यार्थियों को न रोका जाए। उन्होंने कहा कि हर विद्यार्थी का आईडी कार्ड चेक करो, उन्हें कोई समस्या नहीं है। यदि सुरक्षाकर्मियों को किसी से ऐसी चीज कोई चीज मिलती है तो पास की पुलिस चौकी से संपर्क कर सकते हैं। लेकिन किसी भी विद्यार्थी को रोका न जाए।



























