नई दिल्लीकुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के रेप-मर्डर के खिलाफ लोगों का आक्रोश दूर्गा पूजा और पंडालों पर भी दिख रहा है।
आज से शारदीय नवरात्र शुरू हो गया है। इस मौके पर एक तरफ जहां पूरे देश में लोग भक्ति और पूजा-पाठ कर रहे हैं, तो कुछ जगहों से विरोध-प्रदर्शन, गरबा आयोजन बंद करवाने और विवादित बयानबाजी के मामले भी सामने आए हैं।
पश्चिम बंगाल के कोलकाता में ट्रेनी डॉक्टर के रेप-मर्डर थीम पर कई दुर्गा पूजा पंडाल बने हैं। इनमें ‘लज्जा’ थीम पर बनी एक प्रतिमा ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है। इसमें मां दुर्गा ने अपना चेहरा अपनी हाथों से ढक रखा है। उनके नीचे विक्टिम को दर्शाते हुए एक युवती की मूर्ति रखी है। देवी के ठीक बगल में डॉक्टर का एप्रन लटका हुआ है।
मध्य प्रदेश के भोपाल में संस्कृत बचाओ मंच ने हर गरबा पंडाल में भगवान विष्णु के वराह अवतार की पूजा और पंचगव्य छिड़कने के बाद ही लोगों को एंट्री देने की मांग की है। इंदौर में बजरंग दल ने लव जिहाद फैलाने के आरोप में गरबा आयोजन रद्द करवा दिया।
कोलकाता में बिना शस्त्रों के दुर्गा, शेर भी आंखें झुकाकर बैठा

देवी दुर्गा के दस हाथों में अस्त्र-शस्त्र होते हैं,लेकिन कोलकाता की इस प्रतिमा के सभी हाथ खाली हैं।
कोलकाता में लज्जा थीम पर बनी प्रतिमा को रेप-मर्डर की घटना से शर्मिंदा होते हुए दिखाया गया है। पारंपरिक रूप से देवी दुर्गा अपने दस हाथों में शस्त्र रखती हैं, जो उनके बुरी ताकतों से लड़ने का प्रतीक माना जाता है।
इस प्रतिमा में देवी के सभी हाथ खाली हैं। देवी की प्रतिमा के बगल में उनकी सवार शेर भी है। हालांकि, वह भी सिर झुकाकर विक्टिम को देख रहा है। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने प्रतिमा की थीम की सराहना की। तो कुछ लोगों ने आलोचना भी की। आयोजकों ने बताया कि पंडाल में इस मूर्ति की पूजा नहीं की जाएगी। पूजा करने के लिए एक अलग पारंपरिक मूर्ति रखी गई है।
इंदौर में गरबा आयोजन रद्द, पुलिस ने टेंट हटवाए

इंदौर में भंवर कुआ स्थित गरबा आयोजन स्थल को पुलिस ने खाली करा दिया है।
मध्य प्रदेश के इंदौर के भंवरकुआ में बुधवार, 2 अक्टूबर को मूर्ति स्थापना और गरबा आयोजन रद्द हो गया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने आयोजकों पर लव जिहाद फैलाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने जांच की और आयोजन स्थल से टेंट, जगह-जगह लगे पोस्टर भी हटवा दिए।
बजरंग दल कार्यकर्ता ने पुलिस से अपनी शिकायत में कहा कि फिरोज खान शिखर पिछले कई सालों से गरबा मंडल के नाम पर नौ दिनों के लिए मूर्ति स्थापना और गरबा आयोजन करता है। यह आयोजन लव जिहाद को बढ़ाने देने के लिए किया जाता है। पूरी खबर पढ़ें…
झारखंड के धनबाद में कई देवी-देवताओं की मूर्ति खंडित कीं झारखंड के धनबाद के गोविंदपुर के एक गांव में 1 अक्टूबर को महालया की रात मां काली समेत कई देवी-देवताओं की प्रतिमाएं खंडित कर दी गईं। उपद्रवियों ने शिवलिंग और त्रिशूल भी तोड़ दिए।
भगवान की सभी प्रतिमाएं एक बरगद पेड़ के नीचे स्थापित हैं। यहां मां काली की प्रतिमा प्राचीन देवी काली के नाम से विख्यात है। लोगों को 2 अक्टूबर की सुबह घटना की जानकारी मिली। देवी-देवताओं की प्रतिमाएं ईंट और रॉड से तोड़ी गई थी।



























