13 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

नवाज की पार्टी की स्पोक्सपर्सन मरियम औरंगजेब ने कहा कि 2014 में ही खान को मार दिया जाना चाहिए था।
पाकिस्तान में चुनाव में धांधली को लेकर इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) प्रदर्शन कर रही है। इस बीच नवाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) की नेता मरियम औरंगजेब ने कह दिया कि इमरान का सिर कलम कर देना चाहिए था।
पाकिस्तानी मीडिया ‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ के मुताबिक, मरियम औरंगजेब ने यह बात एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही। उन्होंने कहा- 10 साल पहले 2014 में इमरान खान और उनकी पार्टी PTI के सदस्यों का सिर कलम कर दिया जाना चाहिए था। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

मरियम औरंगजेब ने कहा कि खान और उनके समर्थकों ने मुल्क में दहशतगर्दी लाए।
9 मई 2023 में हिंसा करवाई
मरियम औरंगजेब ने कहा- 2014 में जब चीन का सदर (शी जिनपिंग) आने वाला था। तब इस गिरोह (इमरान खान समर्थकों) ने PTV और रेडियो पाकिस्तान पर जो हमला हुआ था। उस वक्त इन फितनों (दंगा भड़काने वाले) का सिर कलम किया जाना चाहिए था।
इन्होंने डी चौक पर कब्रें खोदी थी। सुप्रीम कोर्ट को बंद कराया था। पूरी पार्लियामेंट को बंद किया था। इन्होंने फिर जनादेश चोरी किया। इसी फितने ने देश को दिवालिया किया, ये मुल्क में दहशतगर्दी वापस लेकर आए। इन्होंने 9 मई जैसी घटनाओं को अंजाम दिया। ये देश को लूट कर चले गए।

9 मई 2023 को इमरान खान की गिरफ्तारी के बाद देश भर में हिंसा भड़क गई थी। PTI कार्यकर्ता और समर्थक सड़कों पर उतरकर खान की रिहाई की मांग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मिलिट्री हेडक्वॉर्टर समेत शहीदों स्मारकों पर हमला किया था।
2014 में क्या हुआ था जिसका जिक्र मरियम औरंगजेब ने अब किया…
2014 की बात है। पाकिस्तान में नवाज की सरकार बने एक साल ही हुआ था। वहां चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का दौरा होने वाला था। तभी सरकार के खिलाफ विपक्ष ने धरने शुरू कर दिए। इसकी अगुवाई इमरान खान कर रहे थे।
14 अगस्त के दिन एक मार्च निकाला गया। ये जमान पार्क से शुरू हुआ था, इसे इस्लामाबाद के डी चौक तक पहुंचना था। मार्च शुरू होने के कुछ देर बाद ही हिंसा हो गई। इसमें 400 से ज्यादा लोग घायल हो गए। ये मार्च कई दिनों तर चला। 30 हजार इमरान समर्थक पाकिस्तान की संसद की तरफ कूच करने लगे।
नवाज शरीफ खुद को कमजोर नहीं दिखाना चाहते थे। इसलिए उन्होंने प्रदर्शनकारियों को इस्लामाबाद के बीचों बीच संसद तक पहुंचने दिया। हालांकि, हालात बिगड़ गए। शी जिनपिंग ने पाकिस्तान का दौरा रद्द कर दिया।

2014 में इमारन के कहने पर उनके समर्थक संसद की तरफ कूच करने लगे थे।
औरंगजेब बोलीं- धांधली का सबूत दीजिए
औरंगजेब ने धांधली के आरोपों पर कहा- आप हाईकोर्ट जाइए आप सुप्रीम कोर्ट जाइए। आप अमेरिका जा रहे हैं। हम झूठ को बेचकर इस अवाम को बयानिया नहीं बना सकते। इल्जाम लगाना सब का हक है, पर आप सबूत दें।
सोशल मीडिया पर मरियम की निंदा
खान पर दिए गए बयान को लेकर सोशल मीडिया पर लोग मरियम औरंगजेब की निंदा कर रहे हैं। एक यूजर ने इस टिप्पणियों की निंदा करते हुए PML-N आतंकवादी पार्टी कह दिया। साथ ही राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ हिंसा की वकालत करने की नैतिकता पर सवाल उठाया। दूसरे यूजर ने लिखा- मरियम को ऐसी भड़काऊ भाषा का सहारा लिए बिना अपनी बात रखनी चाहिए।

चुनाव के 10 दिन बाद भी सरकार नहीं बनी
पाकिस्तान में 8 फरवरी को नेशनल असेंबली की 265 सीटों पर चुनाव हुए थे। चुनाव में किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिला। जिसके बाद PML-N और PPP गठबंधन सरकार बनाने में जुट गईं। हालांकि, 10 दिन बाद भी सरकार नहीं बन पाई है।
पाकिस्तान में मुख्य रूप से 3 पार्टियों के बीच मुकाबला है। इनमें नवाज शरीफ की पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N), इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI), और बिलावल भुट्टो की पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) शामिल हैं। वोटिंग के 4 दिन बाद सभी सीटों के नजीजे घोषित हो पाए थे। इसके बाद इमरान की पार्टी ने धांधली के आरोप लगाए। खान समर्थक पूरे पाकिस्तान में प्रदर्शन भी कर रहे हैं।

PTI विपक्ष में बैठेगी
PTI के बैरिस्टर अली सैफ ने कहा है कि पार्टी ने केंद्र सरकार और पंजाब विधानसभा में विपक्ष में बैठने का फैसला किया है।
PTI पहले भी कई बार साफ कर चुकी है कि वो गठबंधन सरकार नहीं बनाएगी और विपक्ष में बैठना पसंद करेगी। सैफ ने कहा- विपक्ष में बैठने का फैसला इमरान खान के कहने पर लिया गया है।















![Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music](https://i.ytimg.com/vi/sCuLojys0n4/maxresdefault.jpg)











