14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सोशल मीडिया पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की एक फोटो वायरल हो रही है। इस फोटो में सीएम शिंदे को फेमस यूट्यूबर कामिया जानी के साथ खाना खाते हुए देखा जा सकता है। कामिया अपना यूट्यूब चैनल कर्ली टेल्स चलाती हैं।
दावा किया जा रहा है कि यह फोटो रामनवमी की है और शिंदे रामनवमी के पवित्र दिन मटन खा रहे हैं।
- NDA पर निशाना साधते हुए इस फोटो को X पर कई वेरिफाइड और नॉन वेरिफाइड यूजर्स ने शेयर किया।
- कांग्रेस नेता शुभम अग्रवाल ने फोटो शेयर कर लिखा- नवरात्रि में तेजस्वी यादव के मछली खाने पर छाती पीटने वाला गोदी मीडिया एकनाथ शिंदे के मटन खाने पर गायब क्यों हो गया।
चंदन सिन्हा नाम के वेरिफाइड यूजर ने लिखा- बड़ा खुलासा, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और भाजपा के सहयोगी एकनाथ शिंदे आज नागपुर में रामनवमी के शुभ दिन पर मटन का आनंद ले रहे हैं।
सुरेंद्र चौधरी नाम के वेरिफाइड यूजर ने लिखा- रामनवमी के दिन एकनाथ शिंदे मटन खा रहे हैं। सनातन धर्म के तथाकथित रक्षकों भगवान राम का इतना बड़ा अपमान हो गया और तुम लोगों की भावना आहत नहीं हुई। इस पर कितने चैनलों में डिबेट होगी।
खुद को पत्रकार बताने वाले प्रेम कुमार नाम के यूजर ने भी यह फोटो इसी दावे के साथ शेयर की।
अनाहत नाम के यूजर ने लिखा- चौंकाने वाली खबर, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और बीजेपी के सहयोगी एकनाथ शिंदे आज नागपुर में रामनवमी पर मटन खाते नजर आए। जबकि बीजेपी ने तेजस्वी यादव का नवरात्रि के दौरान मछली का वीडियो शेयर कर जमकर आलोचना की थी। क्या प्रधानमंत्री इस मामले को संबोधित करेंगे।
वायरल फोटो का सच…
वायरल फोटो की पड़ताल करने पर हमें कामिया जानी के कर्ली टेल्स इंस्टा अकाउंट पर वायरल फोटो से जुड़ा एक वीडियो मिला। यह वीडियो सीएम एकनाथ शिंदे और कर्ली टेल्स इंस्टा अकाउंट से शेयर किया गया है।
कामिया जानी ने वीडियो के कैप्शन में लिखा है- महाराष्ट्र के उमरेड में रामनवमी के शुभ दिन पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री श्री एकनाथ शिंदे के साथ मैंने बहुत ही स्वादिष्ट शाकाहारी साओजी भोजन का आनंद लिया। गांव की स्थानीय महिलाओं ने हमारे लिए एक बहुत ही विशेष शाकाहारी साओजी भोजन तैयार किया और यह बहुत स्वादिष्ट था।
इस वीडियो में देखा जा सकता है कि सीएम एकनाथ शिंदे से कामिया पूछती हैं कि आप बता सकते हैं कि थाली में क्या-क्या है। इसके जवाब में शिंदे अपनी थाली में व्यंजन दिखाते हुए उसके नाम बताते हैं कि यह बैगन का भर्ता है, यह बैगन की सब्जी है, यह पटोड़ी वड़ी है।

कर्ली टैल्स के शेयर किए वीडियो का स्क्रीनशॉट।
साफ है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के साथ किया जा रहा दावा पूरी तरह गलत है। महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने रामनवमी के मौके पर मटन या नॉन वेज नहीं बल्कि महाराष्ट्र का फेमस शाकाहारी साओजी खाना खाया था।
फेक न्यूज के खिलाफ हमारे साथ जुड़ें। कोई भी ऐसी सूचना जिस पर आपको संदेह हो तो हमें ईमेल करें @fakenewsexpose@dbcorp.in और वॉट्सऐप करें-9201776050









![JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan](https://i.ytimg.com/vi/-dsfIh319s0/maxresdefault.jpg)











