- Hindi News
- National
- Kupwara (Jammu Kashmir) Terrorist Encounter Video Update | Line Of Control LoC
श्रीनगर14 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

5 अप्रैल को बारामुला जिले के उरी में LoC से घुसपैठ की कोशिश में एक आतंकवादी मार गिराया गया था। (फाइल फोटो)
जम्मू-कश्मीर में कुपवाड़ा के पास सुरक्षाबलों ने गुरुवार को 2 संदिग्ध आतंकियों को मार गिराया। दोनों लाइन ऑफ कंट्रोल (LoC) से घुसपैठ की कोशिश कर रहे थे।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दोनों के शव तंगधार सेक्टर में बाड़ के दूसरी ओर तरफ पड़े देखे गए। इनके पास से तलाशी के दौरान 2 पिस्तौल, गोला-बारूद बरामद किए गए। दोनों की पहचान का खुलासा नहीं किया गया है। मामले में जांच जारी है। अभी भी एनकाउंटर जारी है।
पिछले महीने 5 अप्रैल को बारामुला जिले के उरी में LoC से घुसपैठ की कोशिश में एक आतंकवादी मार गिराया गया था। इस दौरान दूसरी तरफ से भी गोलीबारी हुई थी।
कश्मीर में विलेज गार्ड के हत्यारे आतंकियों के स्कैच जारी
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शनिवार को छह आतंकवादियों के स्कैच जारी किए। इन आतंकियों ने उधमपुर जिले के बसंतगढ़ इलाके में पाकिस्तान से घुसपैठ की। इन्होंने जंगल में भागने से पहले गांव के विलेज गार्ड की हत्या कर दी थी। ये स्कैच विभिन्न एजेंसियों, जनता और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ के बाद तैयार किए गए हैं।
इस केस में पुलिस एक ओवरग्राउंड वर्कर को भी गिरफ्तारी कर चुकी है। इसी शख्स ने सीमा पार से घुसपैठ के बाद आतंकवादियों को इलाके तक पहुंचने में मदद की थी।

पुलिस ने आतंकियों का हुलिया पूछताछ के आधार पर तैयार किया है।
गोलीबारी में घायल हुआ था VDG का सदस्य
उधमपुर जिले के बसंतगढ़ में पनारा गांव में 28 अप्रैल की सुबह करीब 7:45 बजे गोलीबारी हुई। जिसमें ग्राम रक्षा गार्ड (VDG) का एक सदस्य मोहम्मद शरीफ घायल हो गया था। VDG के सदस्य जंगल में गश्त कर रहे थे। तभी कुछ संदिग्ध लोगों से मुठभेड़ हुई। आधे घंटे तक चली गोलीबारी के बाद आतंकवादी जंगल में भाग गए। इस गोलीबारी में खानेद निवासी वीडीजी सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उनकी मौत हो गई।

पनारा गांव में मुठभेड़ के दौरान घायल हुए मोहम्मद शरीफ की 28 अप्रैल की दोपहर को मौत हो गई थी।
घुसपैठियों की 14 दिन से तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक 28 अप्रैल को एक टीम वीडीजी को साथ लेकर चोचरू गाला हाइट्स की तरफ गई थी। जहां छिपे हुए आतंकवादियों से उनकी मुठभेड़ हो गई। ये आतंकवादी 2 अलग-अलग गुट में कठुआ से बसंतगढ़ की ओर तरफ गए थे। VDG की टीम का 5 आतंकियों से सामना हुआ। जबकि दूसरे गुट का पता नहीं चला।
पुलिस ने बताया था कि दूसरे गुट में 4 आतंकवादी हो सकते हैं। इन आतंकियों की आखिरी लोकेशन कठुआ की सीमा से लगे माचेडी टॉप इलाके में मिली थी। ये आतंकी घने जंगल का फायदा उठाकर चेनाब घाटी के रास्ते कश्मीर में जा रहे थे।
4 मई को हुआ था आतंकी हमला
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में 4 मई को एयरफोर्स जवानों पर हुए आतंकी हमले में पांच जवान घायल हुए थे। इलाज के दौरान एक जवान की मौत हो गई। यह हमला पुंछ के शाहसितार इलाके में हुआ। आतंकियों ने सुरक्षाबलों के दो वाहनों पर भारी फायरिंग की। इसमें से एक वाहन एयरफोर्स का था। दोनों गाड़ियां सनाई टॉप जा रही थीं। आतंकियों की गोलियां वाहन के सामने और साइड वाले शीशे को पार कर गईं।

आतंकियों ने जो गोलियां चलाईं, उनके निशान ट्रक के सामने लगे ग्लास पर देखे जा सकते हैं।
सुरनकोट में पिछले साल दिसंबर में भी हमला हुआ था
सुरनकोट में 21 दिसंबर को सेना के काफिले पर आतंकियों ने हमला किया था। इसमें 5 जवान शहीद हो गए थे। वारदात को 4 आतंकियों ने अंजाम दिया था। आतंकियों ने अमेरिकी M-4 कार्बाइन असॉल्ट राइफल से स्टील बुलेट फायर की थीं। ये स्टील बुलेट सेना के वाहनों की मोटी लोहे की चादर को पार करते हुए जवानों को लगीं।
पीपुल्स एंटी फासिस्ट फ्रंट (PAFF) ने हमले की जिम्मेदारी ली थी। आतंकियों ने सोशल मीडिया पर हमले वाली जगह की तस्वीरें भी जारी कीं, जिसमें M-4 राइफल के इस्तेमाल का दावा किया गया।

डेरा की गली और बुफलियाज के एक अंधे मोड़ पर घात लगाए आतंकियों ने काफिले पर अमेरिकी एम-4 असॉल्ट राइफल से स्टील बुलेट फायर की थीं।
इसी साल जनवरी में भी पुंछ में हमला हुआ था
जम्मू-कश्मीर के पुंछ में इसी साल 12 जनवरी को आतंकियों ने सेना के वाहन पर हमला किया था। इसके बाद जवानों को जवाबी फायरिंग करनी पड़ी। इसमें किसी के भी घायल या मौत की खबर नहीं आई थी।
इंटेलिजेंस के मुताबिक, 250-300 आतंकी भारत में घुसपैठ को तैयार
16 दिसंबर 2023 को BSF के एक सीनियर अफसर ने इंटेलिजेंस के हवाले से जानकारी दी थी कि पाकिस्तान सीमा में 250 से 300 आतंकी लॉन्चपैड पर हैं। ये जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ की फिराक में हैं। अफसर ने बताया कि सुरक्षाबलों को अलर्ट कर दिया गया है। सीमा पार से किसी भी तरह की घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी जाएगी।
बीएसएफ के आईजी अशोक यादव ने पुलवामा में बताया कि आतंकी गतिविधियों को देखते हुए हम (बीएसएफ) और सेना संवेदनशील इलाकों पर नजर रखे हुए हैं और सतर्क हैं। पिछले कुछ सालों में सुरक्षाबलों और कश्मीर के लोगों के बीच जुड़ाव बढ़ा है। अगर लोग हमारा सहयोग करें तो हम विकास के कामों को बेहतर तरीके से आगे बढ़ा सकते हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…
ये खबर भी पढ़ें …
पुंछ हमला-सेना ने 2 आतंकियों के स्केच जारी किए, 20 लाख का इनाम भी घोषित; 2 दिन पहले वायुसेना के काफिले पर फायरिंग की थी

जम्मू कश्मीर के पुंछ में 4 मई को एयरफोर्स के काफिले पर हमला हुआ था, जिसमें 1 जवान कॉर्पोरल विक्की पहाड़े शहीद हो गए थे और 4 अन्य जवान घायल हो गए थे। सोमवार को सेना ने हमले में शामिल आतंकियों के स्केच जारी किए हैं। साथ ही उन पर 20 लाख के इनाम का ऐलान भी किया है। पूरी खबर यहां पढ़ें…
बेटे के बर्थडे पर घर लौटने वाले थे एयरफोर्स जवान, पुंछ हमले में शहीद हुए

जम्मू-कश्मीर के पुंछ में शनिवार शाम (4 मई) एयरफोर्स जवानों पर हुए आतंकी हमले में शहीद जवान की पहचान विक्की पहाड़े के रूप में हुई। विक्की मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के रहने वाले थे। 33 साल के विक्की एयरफोर्स में कॉर्पोरल रैंक पर तैनात थे। उन्होंने 2011 में एयरफोर्स जॉइन की थी। उनके परिवार में उनकी पत्नी, पांच साल का बेटा, मां और तीन बहनें हैं।
विक्की 7 मई को अपने बेटे की जन्मदिन मनाने के लिए घर आने वाले थे। उन्होंने अप्रैल में अपनी बहन की शादी की थी। तब वे अपने परिवार से मिले थे। विक्की 18 अप्रैल को वापस ड्यूटी पर लौटे थे। पढ़ें पूरी खबर…






















