06:49 PM, 24-Feb-2024
शंभू पर किसानों ने जलाए कैंडल
शंभू बॉर्डर पर शनिवार शाम को किसानों ने कैंडल जलाए।

06:48 PM, 24-Feb-2024
किसानों के समर्थन में आए ओलंपियन बजरंग पूनिया
किसान आंदोलन-2 में दिल्ली कूच के दौरान किसान युवा किसान की मौत और दूसरे के गंभीर रूप से घायल होने को लेकर ओलंपियन पहलवान बजरंग पूनिया ने सोशल मीडिया पर ट्वीट किया है। उन्होंने अपने एक्स अकाउंट पर ट्वीट किया है कि किसानों के साथ बर्बरता किसी भी लोकतांत्रिक देश के लिए सही नहीं हैं।
विदेशी धरती पर ओलंपिक की तैयारियों में जुटे पहलवान बजरंग पूनिया ने शनिवार को अपने एक्स अकाउंट पर लिखा है कि 21 फरवरी को एक नौजवान किसान शहीद हो चुका है और दूसरा गंभीर है। हरियाणा-पंजाब की सीमा पर स्थित दाता सिंह वाला बॉर्डर से दिल्ली कूच के दौरान युवा किसान शुभकरण की मौत हो गई थी और प्रीतपाल सिंह घायल हुए थे।
04:57 PM, 24-Feb-2024
कुंडली और टीकरी बॉर्डर खुलने लगे
किसानों के दिल्ली कूच के आह्वान के बाद 13 फरवरी को बंद किए गए नेशनल हाईवे-44 के सर्विस रोड को दिल्ली की सीमा से पुलिस ने खोलना शुरू कर दिया है। दिल्ली पुलिस सर्विस रोड पर चारों लेन को खोल रही है। जिनके खुलने से दिल्ली आवागमन में काफी मदद मिल सकेगी। कुंडली क्षेत्र के उद्योगपति, दुकानदार, व्यापारियों के साथ ही आसपास के लोग भी लंबे समय से मार्ग को खोले जाने की मांग कर रहे थे। सर्विस रोड खोले जाने से वाहन चालकों को काफी राहत मिल सकेगी।
बहादुरगढ़ में टीकरी बॉर्डर खुलने लगा है। बॉर्डर से बैरिकेड हटाए जा रहे हैं। 6 में से 5 लेयर की बेरिकेडिंग हटाई गई है केवल कंक्रीट की दीवार हटाना बाकी है। वहीं बहादुरगढ़ में सेक्टर 9 मोड़ से बैरिकेड नहीं हटाए जाएंगे।
03:51 PM, 24-Feb-2024
पंजाब का घायल किसान चंडीगढ़ रेफर
पंजाब व हरियाणा के दातासिंहवाला बार्डर पर तीन दिन पहले किसान व पुलिस के बीच हुई झड़प में घायल किसान संगरुर निवासी प्रीत पाल सिंह को डॉक्टरों ने शनिवार को रोहतक पीजीआई से चंडीगढ़ रैफर कर दिया। परिजनों का आरोप था कि प्रीत पाल सिंह का सही उपचार नहीं करवाया जा रहा है। वह डरा हुआ है। पीजीआई में दाखिल मरीज को लेकर पंजाब सरकार ने हरियाणा को पत्र लिखा था। कहा था कि मरीज को पंजाब के हवाले किया जाए, ताकि उसका सही ढंग से उपचार कराया जा सके। इतना ही नहीं परिजन शनिवार दोपहर किसानों को लेकर रोहतक पीजीआई पहुंचे।
03:27 PM, 24-Feb-2024
युवा किसान को हरियाणा पुलिस की अवैध हिरासत से छुड़ाने की मांग, हाईकोर्ट का नोटिस
खनौरी बॉर्डर से युवा किसान प्रीतपाल सिंह को हरियाणा पुलिस द्वारा अवैध तरीके से गिरफ्तार करने, तय समय में मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश न करने और उचित इलाज मुहैया न करवाने का आरोप लगाते हुए उसके पिता ने पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है।
हरियाणा व पंजाब सरकार के साथ ही दोनों राज्यों के डीजीपी को हाईकोर्ट ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। साथ ही किसान की तलाश के लिए वॉरंट ऑफिसर नियुक्त करते हुए उसकी मेडिकल रिपोर्ट सोमवार को पेश करने का आदेश दिया है।
01:55 PM, 24-Feb-2024
संगरूर एससपी कार्यालय पर कांग्रेस का प्रदर्शन
पंजाब कांग्रेस ने शनिवार को संगरूर के एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना दिया और हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज, एसएसपी जींद के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
Staged a dharna outside the office of SSP @SangrurPolice demanding registration of FIR against Haryana Home Minister @anilvijminister, SSP Jind & others responsible for the brutal murder of Shubhkaran and for causing injuries & loss of property of our farmers. Inaction of… pic.twitter.com/K0Far9PwvG
— Amarinder Singh Raja Warring (@RajaBrar_INC) February 24, 2024
01:46 PM, 24-Feb-2024
खेड़ी चौपटा में किसानों ने फिर शुरू किया धरना
हिसार के खेड़ी चौपटा में किसानों तथा पुलिस के टकराव के बाद किसान संगठनों ने शनिवार को दोबारा से धरना शुरु कर दिया है। किसान संगठनों ने किसान नेता सुरेश कौथ, विकास सीसर के नेतृत्व में धरना शुरु किया। धरने की आगे की रणनीति तथा खनौरी बॉर्डर की ओर कूच करने के बारे में कोर कमेटी फैसला लेगी। शाम 3 बजे बाद कमेटी अपना निर्णय धरना स्थल पर सुनाएगी। धरना स्थल से कुछ दूरी पर पुलिस ने अपने नाके लगाए हुए हैं। फिलहाल किसान आगे बढ़ने का प्रयास नहीं कर रहे हैं।
01:26 PM, 24-Feb-2024
हरियाणा में उपचाराधीन किसान को पंजाब को सौंपने की मांग
पंजाब के प्रमुख सचिव अनुराग वर्मा ने हरियाणा के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर कहा है कि पीजीआई रोहतक में उपचाराधीन प्रीतपाल सिंह को पंजाब सरकार को सौंप दिया जाए, ताकि उन्हें पंजाब में मुफ्त इलाज मिल सके। वर्मा ने हरियाणा के मुख्य सचिव से हरियाणा में इलाज करा रहे किसी अन्य पंजाबी प्रदर्शनकारी किसान को पंजाब को सौंपने के लिए भी कहा है।
प्रितपाल के बड़े भाई जगबीर सिंह ने भी अपने भाई को पंजाब रेफर करने की मांग की है। जगदीश सिंह का कहना है कि उसका भाई खौफ में है। अब तक उसके जबड़े का ऑपरेशन नहीं हुआ है। मुझे लगता है कि यहां उसके साथ कुछ हो ना जाए। परिवार भी चाहता है कि उसे पंजाब शिफ्ट कर दिया जाए। अपने मुंह का ऑपरेशन भी वह लुधियाना डीएमसी या चंडीगढ़ में ही करवाएगा। डॉक्टर ने उसे रेफर करने के लिए कह दिया था लेकिन पुलिस ने उसे नहीं जाने दिया। जगबीर सिंह का आरोप है कि पुलिस के अधिकारी उन्हें जाने नहीं दे रहे।

01:24 PM, 24-Feb-2024
युवाओं से की शांत रहने की अपील
शुक्रवार को किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने वीडियो जारी करके नौजवानों को शांत रहने की अपील की है। डल्लेवाल ने कहा है कि कुछ ताकतें नौजवानों को उकसाकर शांर्तिपूर्ण ढंग से चल रहे किसान आंदोलन को हुल्लड़बाजी का रूप देना चाहती हैं, लेकिन नौजवानों को इनके उकसावे में न आकर शांत रहना है।
12:45 PM, 24-Feb-2024
यूके की संसद में उठा किसानों का मुद्दा-डल्लेवाल
जगजीत डल्लेवाल ने कहा कि किसानों का मुद्दा पहले यूएन और अब यूके की संसद में भी जोरदार ढंग से उठाया गया है। अगर फिर भी केंद्र सरकार ने किसानों के मुद्दे को गंभीरता से नहीं लेगी और उनकी मांगों को पूरा नहीं करेगी, तो दुनिया भर में भारत की बदनामी होगी। डल्लेवाल ने हरियाणा पुलिस की तरफ से पंजाब की सीमा में आकर किसानों के ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में तोड़-फोड़ करने की भी कड़े शब्दों में निंदा करते हुए सीएम भगवंत मान से अपील की है कि किसानों की सुरक्षा करें।
12:28 PM, 24-Feb-2024
किसान नेता बोले- सरकारें भ्रम में न रहें कि किसान आंदोलन रुक गया है
किसान नेता सरवण सिंह पंधेर ने आरोप लगाया कि हरियाणा पुलिस वहां किसान नेताओं के घरों में जाकर महिलाओं को धमकियां दे रहे हैं। इससे साफ है कि केंद्र सरकार किसानी आंदोलन में बाधा डालने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है, लेकिन केंद्र इस भ्रम में न रहे कि वह दबाव डालकर आंदोलन को रोक लेंगे। आंदोलन रुका नहीं है। जल्द ही बैठक करके आगे की रणनीति पर फैसला लिया जाएगा।
11:39 AM, 24-Feb-2024
शंभू जा रहे किसानों की ट्रैक्टर ट्राली दुर्घटनाग्रस्त, एक किसान की मौत
शनिवार सुबह फिरोजपुर से शंभू बॉर्डर धरने के लिए जा रही ट्रैक्टर ट्राली को गांव बसंतपुरा के नजदीक ट्राले ने टक्कर मार दी जिससे ट्रैक्टर ट्रॉली खदानों में जाकर पलट गई। इस हादसे में एक किसान गुरजंट सिंह (32) की मौत हो गई जबकि दो अन्य मामूली घायल हो गए जिन्हें राजपुरा के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। ट्राला चालक मौके से फरार है।

11:23 AM, 24-Feb-2024
शुभकरण की मौत मामले में केस दर्ज करने की मांग
किसान नेता सरवण सिंह पंधेर व जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि पंजाब सरकार शुभकरण के मामले में जल्द एफआईआर दर्ज करे। डल्लेवाल ने बताया कि बठिंडा के एसएसपी ने किसानों के वकीलों से विचार-चर्चा में स्पष्ट तौर पर कह दिया है कि शुभकरण की मौत के मामले में पर्चा दर्ज नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार खुद को बचाने में लगी है। जब हरियाणा पुलिस ने पंजाब की हद में आकर शुभकरण को गोली मारी, तो फिर सरकार क्यों पर्चा दर्ज करने से पीछे हट रही है।
11:02 AM, 24-Feb-2024
शंभू पर लगातार जारी लंगर
आंदोलन में मौजूद लोगों के लिए पंजाब-हरियाणा शंभू बॉर्डर पर लंगर लगातार जारी है।
VIDEO | Farmers’ protest: Food being prepared at Punjab-Haryana Shambhu border. pic.twitter.com/r4uiI2RihO
— Press Trust of India (@PTI_News) February 24, 2024
10:52 AM, 24-Feb-2024
सभी संगठनों को एक मंच पर लाएगा चढूनी गुट
किसान आंदोलन को मजबूत करने के लिए भारतीय किसान यूनियन (चढूनी गुट) अब किसान संगठनों को एकमंच पर लाने का प्रयास करेगा। इसके लिए संयुक्त किसान मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के अलावा अन्य किसान संगठनों से भी वार्ता की जाएगी। चढूनी गुट की कोर कमेटी की शुक्रवार को हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। इसके अलावा चढूनी ने वीडियो संदेश भी जारी किया है, जिसमें सरकार से जुल्म बंद कर किसानों की मांगें मानने की मांग की गई है।






















