1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

इजराइली सेना ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि मामले की जांच कर दोषियों को सजा दी जाएगी।
इजराइली सैनिक शनिवार को वेस्ट बैंक के जेनिन में रेड के दौरान एक घायल फिलिस्तीनी को अपनी गाड़ी के आगे बांधकर घुमाते नजर आए। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल, इजराइल की सेना कुछ वॉन्टेड फिलिस्तीनियों को पकड़ने के लिए वेस्ट बैंक के वादी बुरकिन इलाके में गए थे।
टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, ऑपरेशन के दौरान सेना और फिलिस्तीनियों के बीच गोलीबारी हुई। इसमें एक शख्स घायल हो गया। इसके बाद सैनिक घायल फिलिस्तीनी को इलाके से बाहर लेकर आए। उन्होंने उसे जीप के आगे के हिस्से पर बांध दिया। हालांकि, बाद में उसे UN की रेड क्रिसेंट टीम को सौंप दिया गया।

तस्वीर में इजराइली सेना की जीप के बोनेट पर एक घायल शख्स बंधा दिख रहा है।
सेना बोली- यह हमारे आदेशों के खिलाफ, सजा देंगे
BBC के मुताबिक, फिलिस्तीनी का नाम मुजाहिद अज्मी था। इजराइली डिफेंस फोर्स ने मामले की पुष्टि करते हुए जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वीडियो में जो नजर आ रहा है, वह हमारे आदेशों के खिलाफ है। हम इसकी जांच कर दोषियों को सजा देंगे।
वहीं घायल फिलिस्तीनी के परिवार ने कहा कि उन्होंने इजराइली सेना ने एम्बुलेंस मांगी थी। लेकिन इसके बदले उन्होंने फिलिस्तीनी को जीप के बोनेट पर बांध दिया, और वहां से चले गए। इससे पहले शनिवार को कुछ बंदूकधारियों ने वेस्ट बैंक के कालकिल्या इलाके में एक इजराइली नागरिक की हत्या कर दी थी।
इसके बाद उसकी कार को आग के हवाले कर दिया गया था। मामला सामने आने के बाद बड़ी तादाद में इजराइली सैनिक वहां पहुंचे थे। उन्होंने इसे आतंकी हमला बताया था। इजराइली सेना ने कहा था कि उनके देश के किसी भी नागरिक को फिलिस्तीन अथॉरिटी के कंट्रोल वाले वेस्ट बैंक में जाने की इजाजत नहीं है। हालांकि, फिर भी कुछ इजराइली सस्ती सब्जियों और अनाज के लालच में वेस्ट बैंक जाते रहते हैं।
जंग शुरू होने के बाद से वेस्ट बैंक के 480 फिलिस्तीनियों की मौत
हमास के खिलाफ जंग शुरू होने के बाद से इजराइल लगातार वेस्ट बैंक में भी ऑपरेशन चलाता रहा है। UN के मुताबिक, इस दौरान करीब 480 फिलिस्तीनियों की मौत हुई है। इनमें सशस्त्र ग्रुप, हमलावर और आम नागरिक शामिल हैं। वहीं वेस्ट बैंक में ऑपरेशन के दौरान 6 सैनिकों समेत 10 इजराइलियों की भी मौत हुई है।
वेस्ट बैंक के अलावा गाजा में भी इजराइली सैनिकों पर कई बार फिलिस्तीनियों को प्रताड़ित करने के आरोप लग चुके हैं। मार्च में फिलिस्तीनी महिलाओं की अंडरवियर के साथ इजराइली सैनिकों की कुछ वीडियो वायरल हुए थे।
इसमें सैनिक के एक हाथ में बंदूक और दूसरे हाथ में महिला की अंडरवियर थी। वीडियो वायरल होने के बाद इजराइली सेना के प्रवक्ता ने कहा था कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों पर कार्रवाई होगी।

पिछले साल दिसंबर की शुरुआत में लीक हुए इस फुटेज में एक शख्स को निर्वस्त्र सरेंडर करते हुए देखा जा सकता है।
इजराइली सैनिकों पर फिलिस्तीनियों को निर्वस्त्र कर घुमाने का आरोप लगा था
वहीं 26 दिसंबर 2023 को CNN ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के हवाले से दावा किया था कि गाजा में इजराइली डिफेंस फोर्स IDF ने फिलिस्तीनी पुरुषों और 2 बच्चों को निर्वस्त्र करके हिरासत में लिया। वीडियो में एक फुटबॉल स्टेडियम में फिलिस्तीनी हाथ पीछे बांधे, आधे कपड़ों में बैठे नजर आ रहे थे। इनमें 2 बच्चे भी शामिल थे। कुछ लोगों की आंखों पर पट्टी भी बंधी हुई थी।
इससे पहले इससे पहले 9 दिसंबर को भी गाजा में सरेंडर करते फिलिस्तीनियों का एक वीडियो लीक हुआ था। इसमें किसी के तन पर कपड़े नहीं थे, लोग सिर्फ अंडरवियर में खड़े दिखाई दे रहे थे। इसके बाद एक शख्स आगे आता है, इसके हाथ में गन है। इजराइली सैनिक इसे धीरे-धीरे आगे बढ़ने को कह रहा है। इसके बाद शख्स जमीन पर बंदूक रख वापस लौट जाता है। हालांकि, इजराइल ने इस मुद्दे पर कोई बयान नहीं दिया था।










![JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan JMA – Ninja & Deep Jandu [Official MV] Kaptaan](https://i.ytimg.com/vi/-dsfIh319s0/maxresdefault.jpg)











