तेल अवीव//यरूशलम6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

इस तस्वीर में फेलिक (बाएं) के साथ नेतन्याहू और पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पॉम्पियो नजर आ रहे हैं। दोनों यहां फेलिक के रेस्टोरेंट और बार में पहुंचे थे। (फाइल)
7 अक्टूबर को इजराइल पर हमास के हमले के बाद से बेंजामिन नेतन्याहू करीब-करीब हर दिन मीडिया से मुखातिब होते हैं। उनकी पर्सनल लाइफ के बारे में इस वक्त ज्यादा लोगों को पता नहीं है।
अब इजराइल के चैनल-13 ने अपनी रिपोर्ट में अहम खुलासा किया है। इसके मुताबिक- नेतन्याहू और उनकी फैमिली कई दिन से सरकारी घर में नहीं हैं। वो अपने अरबपति अमेरिकी दोस्त सिमॉन फेलिक की आलीशान विला में मौजूद हैं। शेफ समेत उनका तमाम पर्सनल स्टाफ भी यहीं है। हालांकि, इजराइली संविधान और कानून इसकी कतई इजाजत नहीं देता।

यरूशलम की अजा स्ट्रीट पर नेतन्याहू का सरकारी घर है। यहां आम दिनों की तरह क्लीनिंग और बाकी काम जारी हैं। हालांकि, घर में कोई मौजूद नहीं है।
हजारों इजराइली दूसरी जगह रहने को मजबूर
- नेतन्याहू पत्नी सारा के साथ यरूशलम की एक मशहूर विला में मौजूद हैं। इसके मालिक अमेरिकी अरबपति सिमॉन फेलिक हैं। फेलिक को ‘ड्यूटी फ्री स्टोर टायकून’ कहा जाता है। इजराइली प्राइम मिनिस्टर के इस तरह चुपचाप यरूशलम की विला में रहने पर सवालिया निशान लग रहे हैं।
- इसकी वजह भी बिल्कुल साफ है। दरअसल, 7 अक्टूबर को इजराइल पर हमास के हमले के बाद सिर्फ गाजा में ही लाखों लोग बेघर नहीं हुए, बल्कि इजराइल में भी हजारों लोगों को गाजा और लेबनान से लगने वाले बॉर्डर पर मौजूद अपने आशियानों को छोड़ना पड़ा। अब वे सरकार के बनाए शेल्टर होम्स या फिर रिश्तेदारों के घर रह रहे हैं।
- सवाल ये उठ रहा है कि नेतन्याहू ने अपना सुरक्षित सरकारी घर क्यों छोड़ा? 2021 में और इसके बाद इसी साल जनवरी में भी वो सिमॉन के इसी बंगले में काफी वक्त तक रहे थे।

तस्वीर में सिमॉन फेलिक (सबसे दाएं) दोस्तों के साथ नजर आ रहे हैं। फेलिक को कट्टर यहूदी माना जाता है। वो यहूदी ऑर्गनाइजेशन्स को फंडिंग भी करते हैं। (फाइल)
यहां रहना गैरकानूनी कैसे
- रिपोर्ट के मुताबिक- नेतन्याहू सरकारी ओहदे पर रहते हुए किसी और की पर्सनल प्रॉपर्टी का इस्तेमाल नहीं कर सकते। इसके लिए बाकायदा कानून है और नेतन्याहू इसका उल्लंघन कर रहे हैं। वो पर्सनल शेफ को भी यहां ले आए हैं, जिसको सैलेरी टैक्स पेयर्स के पैसे से मिलती है। इसके अलावा एक सीक्रेसी एक्ट भी है और यह पर्सनल स्पेस में गवर्नमेंट वर्क की मंजूरी नहीं देता।
- अब तक यह साफ नहीं है कि सिमॉन की फैमिली भी इस विला में मौजूद है या नहीं। बहरहाल, नेतन्याहू और फेलिक फैमिली के रिश्ते काफी पुराने हैं। नेतन्याहू बतौर गेस्ट उनके बार और रेस्टोरेंट में भी जाते रहे हैं।
- रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि नेतन्याहू का ऑफिशियल रेसिडेंस अजा स्ट्रीट यरूशलम में है और वहां आम दिनों की तरह अब भी रोज सफाई और दूसरे काम किए जा रहे हैं, हालांकि इस वक्त वो खाली है।

तस्वीर में बेंजामिन नेतन्याहू पत्नी सारा के साथ नजर आ रहे हैं। दोनों पर अमीर कारोबारियों से महंगे तोहफे लेने के आरोप भी लगते रहे हैं। (फाइल)
कौन हैं सिमॉन फेलिक
- मूल रूप से फेलिक कट्टर यहूदी हैं और उनके पास अमेरिकी नागरिकता है। ‘ड्यूटी फ्री अमेरिकाज’ के चेयरमैन हैं। इस कंपनी के ड्यूटी फ्री स्टोर्स दुनिया में करीब 200 एयरपोर्ट्स पर हैं। इसके अलावा वो एक बड़ी वाइन फैक्टी के मालिक हैं। इसको लेकर 2019 में बड़ा विवाद हुआ था। तब यूरोपीय यूनियन ने प्रोडक्ट्स मार्क को लेकर इस पर केस कर दिया था।
- फेलिक के साथ एक विवाद और जुड़ा और तब वो पहली बार वर्ल्ड मीडिया की हेडलाइन्स में आए। दरअसल, उस वक्त दावा किया गया था कि फेलिक ने वेस्ट बैंक की उन बस्तियों में इन्वेस्टमेंट किया है, जिन पर इजराइल ने गैरकानूनी तौर पर कब्जा किया और वहां रहने वाले फिलिस्तीनियों को निकाल दिया। इसी साल की शुरुआत में इजराइल सरकार ने उन्हें ‘यरूशलम अवॉर्ड फॉर डेवलपमेंट’ से नवाजा था।
- कुछ रिपोर्ट्स में ये भी कहा गया है कि वो फेलिक फैमिली नेतन्याहू की पार्टी को चंदा भी देती है। फेलिक फैमिली के अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ दोस्ताना और कारोबारी रिश्ते भी हैं। नेतन्याहू पर आरोप लगते रहे हैं कि उन्होंने फेलिक और कुछ दूसरे अमीर कारोबारियों से महंगे तोहफे लिए। इसके अलावा विपक्ष में रहते हुए वो पर्सनल फॉरेन ट्रिप्स पर गए और इसका खर्च इन्हीं कारोबारियों ने उठाया।













![Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music](https://i.ytimg.com/vi/sCuLojys0n4/maxresdefault.jpg)











