जकार्ता26 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

तस्वीर धमाके के बाद मस्जिद को हुए नुकसान की है।
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में शुक्रवार की नमाज के दौरान एक मस्जिद में धमाका हुआ है। इस हादसे में कम से कम 54 लोग घायल हो गए। इन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
धमाका उत्तरी जकार्ता के केलापा गाडिंग इलाके में एक स्कूल के अंदर बनी मस्जिद में हुआ। घटना के बाद शहर के पुलिस प्रमुख असेप एदी सुहेरी ने बताया कि पुलिस धमाके के वजह की जांच कर रही है।
शुरुआती जांच में पुलिस को घटनास्थल के पास कुछ संदिग्ध सामान मिले हैं। इनमें हाथ से बनाए गए विस्फोटक उपकरण (IED) के हिस्से, एक रिमोट कंट्रोल, और एयरसॉफ्ट व रिवॉल्वर जैसी बंदूकें शामिल हैं।

पुलिस को घटनास्थल पर बॉडी वेस्ट, रिवॉल्वर और एक गन बरामद हुई है।

स्कूल परिसर की मस्जिद में हुए विस्फोट के बाद पुलिसकर्मी इलाके में तैनात कर दिए गए हैं।

सुरक्षाकर्मियों ने धमाके के आस-पास वाली जगह को पूरी तरह से घेर लिया और कड़ी जांच की जा रही है।
नमाज पढ़ने के दौरान धमाका हुआ
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पहला धमाका मस्जिद के मुख्य हॉल के पिछले हिस्से से हुआ, जिससे नमाज पढ़ रहे लोग घबरा गए और अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। धमाके के वक्त मस्जिद के अंदर मौजूद गणित के शिक्षक बुदी लकसोनो ने बताया,
खुतबा (भाषण) अभी शुरू ही हुआ था कि जोरदार धमाका हुआ। कुछ ही सेकंड में धुआं फैल गया। छात्र बाहर भागे। कोई रो रहा था, कोई गिर पड़ा, सब घबरा गए।

ज्यादातर घायलों को कांच के टुकड़ों और तेज आवाज के झटके से चोटें आईं। सभी घायलों को केलापा गाडिंग जिले के क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। घटना के तुरंत बाद नौसेना के जवानों और जकार्ता पुलिस ने इलाके को घेर लिया और बम निरोधक दस्ते ने पूरे क्षेत्र की तलाशी ली।






















