07:03 PM, 10-Sep-2025
IND vs UAE T20 Live Score: ऑलराउंडरों पर टिकी निगाहें
शीर्ष और मध्यक्रम के बाद बारी ऑलराउंडरों की आती है। यहां हार्दिक पांड्या की भूमिका अहम हो जाती है। वह टीम को एक कुशल बल्लेबाज और एक भरोसेमंद तेज गेंदबाज दोनों विकल्प देते हैं। इसके अलावा शिवम दुबे भी बाएं हाथ से बल्लेबाजी करते हैं और धीमी पिचों पर स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ बड़े शॉट खेलने में माहिर हैं। हालांकि, मीडिया रिपोर्ट्स में रिंकू सिंह को मौका मिलने की बात भी चल रही ही।
07:02 PM, 10-Sep-2025
IND vs UAE T20 Live Score: गिल की वापसी से सैमसन की राह मुश्किल
शीर्ष क्रम में शुभमन गिल की वापसी के कारण भी सैमसन के लिए प्लेइंग-11 में जगह बनाना मुश्किल हो गया है। अब गिल और अभिषेक शर्मा भारतीय पारी की शुरुआत करेंगे। तीसरे नंबर की स्थिति पर तिलक वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करके अपनी जगह मजबूत की है। यही वजह है कि वह टी20 विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच चुके हैं। कप्तान सूर्यकुमार यादव तीसरे या चौथे नंबर पर बल्लेबाजी कर सकते हैं।
06:52 PM, 10-Sep-2025
IND vs UAE T20 Live Score: विकेटकीपर की पहेली सुलझी
भारतीय टीम में लंबे समय से चली आ रही विकेटकीपर की दुविधा भी फिलहाल अनसुलझी दिख रही है। हालांकि, संजू सैमसन और जितेश शर्मा में से जितेश को प्राथमिकता दी जा सकती है। सैमसन की विस्फोटक बल्लेबाजी के बावजूद जितेश की फिनिशर की भूमिका टीम प्रबंधन को ज्यादा उपयुक्त लग सकती है।
06:47 PM, 10-Sep-2025
IND vs UAE T20 Live Score: यूएई खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर
मेजबान यूएई के क्रिकेटरों के लिए यह मुकाबला उनके जीवन का सबसे अहम मैच साबित हो सकता है। भारतीय टीम के खिलाफ खेलते हुए जसप्रीत बुमराह का सामना करना या फिर शुभमन गिल जैसे बल्लेबाज को गेंदबाजी करना किसी एसोसिएट देश के खिलाड़ी के लिए सामान्य बात नहीं है। एशिया कप उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर के माहौल से परिचित कराएगा और उनके खेल को निखारने का मौका देगा।
06:46 PM, 10-Sep-2025
IND vs UAE T20 Live Score: पाकिस्तान मैच से पहले अभ्यास जैसा होगा यह मुकाबला
भारतीय टीम का यह पहला मैच 14 सितंबर को पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले महत्वपूर्ण मुकाबले से पहले अभ्यास जैसा साबित हो सकता है। अमीरात की टीम को ऑन पेपर कमजोर माना जाता है, ऐसे में यह मैच भारतीय टीम प्रबंधन को यह परखने का मौका देगा कि आगे के मैचों के लिए कौन-सा संयोजन सबसे बेहतर रहेगा।
06:25 PM, 10-Sep-2025
IND vs UAE T20 Live Score: ऑलराउंडरों के जरिए संतुलन साधने पर जोर
भारतीय टीम अभी तक इस बात पर अंतिम निर्णय नहीं ले पाई है कि यूएई के खिलाफ शुरुआती मुकाबले में वह तीसरे स्पिनर को टीम में शामिल करेगी या फिर किसी विशेषज्ञ तेज गेंदबाज को उतारेगी। मुख्य कोच गौतम गंभीर के पद संभालने के बाद से ही भारत ने लगभग हर फॉर्मेट में ऑलराउंडरों को अहमियत दी है। इस रणनीति का उद्देश्य बल्लेबाजी को गहराई देना है ताकि टीम के पास आठवें नंबर तक भरोसेमंद बल्लेबाज मौजूद हों।
06:21 PM, 10-Sep-2025
IND vs UAE T20 Live Score: भारत-यूएई मैच आज
एशिया कप टी20 क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत 10 सितंबर यानी बुधवार को अपने अभियान की शुरुआत मेजबान संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ करेगा। इस मैच को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि टीम मैनेजमेंट अंतिम एकादश में किन खिलाड़ियों को मौका देगा और किन्हें बाहर बैठना पड़ेगा। हालांकि, टीम प्रबंधन का मुख्य ध्यान ऑलराउंडरों के सहारे संतुलन साधने पर होगा। भारतीय टीम खिताब की प्रबल दावेदार है। मैच भारतीय समयानुसार बुधवार रात आठ बजे शुरू होगा, जबकि टॉस इससे आधे घंटे पहले यानी शाम साढ़े सात बजे होगा।
06:16 PM, 10-Sep-2025
IND vs UAE T20 Live Score: यूएई के खिलाफ मैच से भारत शुरू करेगा अभियान, संजू और जितेश में किसे मिलेगा मौका?
Live Cricket Score Today, T20 Asia Cup IND vs UAE 2025: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज एशिया कप 2025 का दूसरा मुकाबला भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की टीमों के बीच दुबई के दुबई अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच के जरिए दोनों टीमें अपने अभियान की शुरुआत करेंगी और जीत का लक्ष्य लेकर उतरेंगी।



















![Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music Asla – Watan Sahi [Official MV] Latest Punjabi Song – K Million Music](https://i.ytimg.com/vi/sCuLojys0n4/maxresdefault.jpg)







