दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में चैम्पियंस ट्रॉफी का सेमीफाइनल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच है. इस महामुकाबले से पहले दिग्गज क्रिकेटरों ने ‘आजतक’ की खास पेशकश ‘ऑस्ट्रेलिया को हराना है’ में हिस्सा लिया. इस खास शो में कपिल देव, सुनील गावस्कर, हरभजन सिंह, सुरेश रैना भी मौजूद रहे.
कपिल देव ने इस दौरान कहा कि भारतीय टीम को जो मौका मिला है, वह भारतीय टीम को पकड़कर रखना चाहिए. टीम में कॉन्फिडेंस होना चाहिए, ओवर कॉन्फिडेंस नहीं होना चाहिए.
वहीं, दिग्गज सुनील गावस्कर ने कहा भारतीय टीम को ज्यादा टेंशन लेने की जरूरत नहीं है, हाल में ऑस्ट्रेलिया को टी20 वर्ल्ड कप में हराया था. उनके कई खिलाड़ी चैम्पियंस ट्रॉफी में नहीं खेल रहे हैं. ऐसे में भारत के पास बढ़त है. मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और जोश हेजलवुड इंजरी और अलग-अलग कारणों से इस टूर्नामेंट में नहीं खेल रहे हैं.
गावस्कर ने इस दौरान यह भी कहा कि टीम इंडिया को इस मुकाबले में पहले 6-7 ओवर में ही वरुण चक्रवर्ती को ट्रेविस हेड के सामने लाना चाहिए, ताकि उनको जल्दी आउट किया जा सके. अगर वरुण को पहले ना लाएं तो कुलदीप एक विकल्प हैं. गावस्कर ने इस दौरान कहा कि टीम इंडिया को इस मुकाबले में कम से कम 270 का स्कोर बनाना चाहिए. वहीं, कपिल देव ने इस पर कहा कि 270 का स्कोर मुकाबले में लड़ाई के लिए तो ठीक है, पर यह विनिंग टोटल नहीं हैं.
कपिल देव ने इस दौरान यह भी कहा कि रोहित शर्मा को कुछ भी कहने की जरूरत नहीं है. ठीक वैसे ही जैसे एक समय वीरेंद्र सहवाग को कुछ कहा नहीं जाता था. हालांकि, मेरा मानना है कि कुछ देर संभलकर खेलें, उसके बाद वह कुछ भी कर सकते हैं.
ICC नॉकआउट मैचों में भारत Vs ऑस्ट्रेलिया
कुल मैच: 7
भारत जीता: 3
ऑस्ट्रेलिया जीता: 4
ICC नॉकआउट के नतीजे:
1998 चैम्पियंस ट्रॉफी: भारत ने 44 रन से जीत दर्ज की
2003 वनडे वनडे कप: ऑस्ट्रेलिया ने 125 रन से मैच जीता
2007 टी20 वर्ल्ड कप: भारतीय टीम 15 रन से मुकाबला जीती
2011 वनडे वर्ल्ड कप: भारत ने 5 विकेट से जीत दर्ज की
2015 वनडे वर्ल्ड कप: ऑस्ट्रेलिया ने 95 रन से जीत दर्ज की
2023 वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल: ऑस्ट्रेलियाई टीम 209 रनों से जीती
2023 वनडे वर्ल्ड कप: ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 6 विकेट से जीत दर्ज की




























