सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ में बुधवार शाम को हुई बारिश से राहत के साथ आफत भी आई। क्योंकि जहां एक तरफ बारिश से भीषण गर्मी से राहत दिलाई वहीं बारिश के साथ करीब 60 किमी की रफ्तार से चले आंधी-तूफान की वजह से खासा नुकसान भी हुआ है। शहर में बुधवार शाम को मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी-बारिश ने शहर की रफ्तार थाम दी।
ट्राईसिटी में बुधवार शाम को जमकर बरसात हुई। चंडीगढ़ में कुछ ही देर में 22.6 एमएम बारिश हो गई। कुछ इलाकों में 0.8 एमएम के ओले भी पड़े। तेज हवाओं से कई इलाकों में पेड़ गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सेक्टर-22 में एक चलती कार पर पेड़ गिरने से दो लोग घायल हो गए। कई क्षेत्रों में देर रात तक बिजली गुल रही। शिकायतों की बाढ़ से सीपीडीएल की हेल्पलाइन ठप पड़ गई।
Trending Videos
2 of 5
बारिश के साथ कड़की बिजली। – फोटो : अमर उजाला
शहर में बुधवार दोपहर बाद 3.30 बजे तक तेज धूप निकली रही, लेकिन चार बजे के आसपास मौसम ने अचानक करवट ले लिया। पहले घने बादल छा गए और कुछ ही देर में तेज हवाएं चलने लगीं। हवाओं की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार थी। जैसे-जैसे समय बीत रहा था। बादल और काले होते जा रहे थे। बिजली भी कड़कने लगी। शाम पांच बजे तक शहर में अंधेरा हो चुका था। वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सड़कों पर चलना पड़ रहा था। कुछ ही देर में बारिश भी शुरू हो गई। आंधी और बारिश के इस कांबिनेशन से कई पेड़ टूट कर गिर गए। बिजली की कई लाइन ध्वस्त हो गईं, जिसकी वजह से शहर की रफ्तार थम गई। कई इलाकों के लोगों ने बताया कि उनके यहां देर रात तक बिजली कटी रही। एक समय में आधे शहर की बिजली गुल थी। लोगों ने चंडीगढ़ पावर डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड की हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करना शुरू किया। एक साथ एक ही समय पर जब काफी लोगों ने कॉल कर दिया तो हेल्पलाइन नंबर भी जाम हो गया, जिसकी वजह से लोग काफी परेशान नजर आए।
3 of 5
सेक्टर-26 में कार पर गिरा पेड़। – फोटो : अमर उजाला
कार पर पेड़ गिरने से अंदर बैठे एक कर्मचारी घायल
तेज आंधी और बारिश के बीच ही सेक्टर 22 में डिस्पेंसरी के पास से गुजर रही कार पर अचानक एक बड़ा पेड़ गिर गया। यह कार पंजाब एजी ऑफिस की थी, जिसमें दो कर्मचारी सेक्टर 22 में ही रहने वाले एक वकील के घर पर कुछ फाइल देने जा रहे थे। कार में बैठे दोनों कर्मचारी घायल हो गए। आनन फानन में आसपास के लोग पहले उन्हें सेक्टर 22 के डिस्पेंसरी में ले गए। जहां से एक कर्मचारी को डॉक्टर ने ठीक बताकर घर जाने को कह दिया, जबकि दूसरे ने गले में दर्द की शिकायत की। इसके बाद उसके परिजन सेक्टर-16 अस्पताल ले गए। हालांकि, उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलते ही एरिया पार्षद दमनप्रीत सिंह अस्पताल पहुंचे और घायल युवक की हालत की जानकारी ली। इसके बाद पार्षद ने घटनास्थल का दौरा किया और नगर निगम के हॉर्टिकल्चर विभाग व बिजली विभाग को स्थिति से अवगत कराया। कहा कि झुके व जर्जर हो चुके पेड़ों की छंटाई और निरीक्षण किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
4 of 5
बारिश की वजह से शहर की बत्ती गुल हो गई। – फोटो : अमर उजाला
सेक्टर-34 में कार पर गिरा पेड़, बुरी तरह से डैमेज
सेक्टर-34 में एक बड़े पेड़ की टहनी खड़ी कार पर गिर गई, जिससे कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। कार के अगला शीशा और बोनट बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। सेक्टर-35 में एक बड़ा पेड़ जड़ से ही उखड़ गया, जिसकी वजह से परिसर की दीवार टूट गई। मौके पर पहुंची एरिया पार्षद प्रेमलता ने कहा कि इलाके के कई पेड़ खोखले हो चुके हैं। एक सर्वे कर ऐसे पेड़ों की पहचान करनी चाहिए, ताकि भविष्य में जानमाल की हानि न हो। वहीं, सेक्टर-43 में भी सड़क के बीचों बीच पेड़ गिरा। उस समय ट्रैफिक नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि तीनों मामलों किसी को चोट नहीं आई।
5 of 5
बारिश के बीच गुजरते वाहन। – फोटो : अमर उजाला
व्हाट्सएप पर भी बिजली जाने की कर सकते हैं शिकायत
सीपीडीएल की तरफ से कहा कि उनकी हेल्पलाइन की सभी लाइनें चल रही थीं, लेकिन लेकिन काफी ज्यादा संख्या में कॉल आने की वजह से कुछ लोगों को ज्यादा इंतजार करना पड़ा और कुछ लोगों के नंबर नहीं लगे। अगर भविष्य में जब भी कभी हेल्पलाइन नंबर न लगे तो लोग व्हाट्सएप पर भी इस नंबर पर मैसेज करके शिकायत दर्ज कर सकते हैं।