
फतेहाबाद शहर में शाम छह बजे छाई गहरी धुंध।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
पूरे हरियाणा में बुधवार को घने कोहरे की चादर छाई रही। हवा की धीमी गति और नमी की वजह से दोपहर तक धुंध में कोई खास फर्क नहीं पड़ा। हिसार, करनाल, भिवानी, सिरसा में दृश्यता 20 से 50 मीटर की दर्ज की गई। हिसार के कुछ इलाकों में शीतलहर भी चली। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी हरियाणा के सभी शहरों में घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
राज्य के 22 जिलों में मौसम विभाग ने रेड अलर्ट घोषित किया है। रेड अलर्ट उस स्थिति में घोषित किया जाता है, जब मौसम के बहुत ज्यादा खराब होने की आशंका रहती है। वहीं 29 और 30 दिसंबर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, धूप नहीं निकलने की वजह से कई शहरों में कोल्ड डे की स्थिति रही। कई शहरों में दिन व रात के तापमान में मात्र चार से छह डिग्री का अंतर रह गया है।
रोहतक में अधिकतम तापमान 12.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। ऐसी स्थिति भिवानी में भी देखने को मिली। यहां अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि पिछले दिनों पश्चिमी विक्षोभ की वजह से पहाड़ों में बर्फबारी हुई। जिसकी वजह से मैदानी क्षेत्रों में नमी आई और इसके परिणामस्वरूप घना कोहरा पड़ गया।



























