
सांकेतिक तस्वीर।
– फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विस्तार
हरियाणा प्रदेश में ठंड के साथ कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। हिसार का बालसमंद 5.3 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडा दर्ज किया गया। वहीं, घना कोहरा की वजह से हिसार और सिरसा में 20 मीटर दृश्यता दर्ज की गई। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले दो दिन राज्य हरियाणा के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा।
इसके साथ ही अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री की और गिरावट आएगी। उसके बाद तापमान में फिलहाल बड़ा बदलाव नहीं होगा। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से दिन व रात का तापमान बढ़ा है। पिछले दिनों न्यूनतम तापमान तीन डिग्री तक पहुंच गया था।
मौसम विभाग के मुताबिक करनाल का न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, सिरसा, अंबाला और नारनौल में न्यूनतम तापमान क्रमश: 6, 6.5, 8, 9, 10.5 और 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, अधिकतम तापमान 20 से 22 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया। सबसे अधिक तापमान पंचकूला का 23.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ का असर रविवार से खत्म हो जाएगा। पश्चिमी विक्षोभ के जाते ही बर्फीली हवाएं चलेंगी। इससे दिन में धूप निकलेगी और कुछ इलाकों में शीत लहर भी चल सकती है। बारिश की फिलहाल कोई संभावना नहीं है।
अगले चार से पांच दिन हरियाणा का मौसम शुष्क रहने वाला है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. एमएल खिचड़ ने कहा कि अगले दो दिन मौसम शुष्क रहेगा। तापमान और गिरेंगे।
प्रदूषण की चपेट में हरियाणा के 12 शहर, बहादुरगढ़ का एक्यूआई 413
दिवाली के दौरान हरियाणा में वायु प्रदूषण की जो स्थिति थी, वह एक बार फिर से लौट आई है। राज्य के 12 शहर प्रदूषण की चपेट में है। देश के चार सबसे प्रदूषित शहरों में राज्य का बहादुगढ़ शामिल है। बहादुरगढ़ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 413 दर्ज किया गया है। वहीं, बल्लभगढ़ में 382, भिवानी में 339, धारूखेड़ा में 310, फरीदाबाद में 367, गुरुग्राम में 350, हिसार 302, जींद 298, कैथल 307, मानेसर में 325, रोहतक 342 और सोनीपत का एक्यूआई 351 रिकॉर्ड किया गया। पर्यावरण विशेषज्ञ के मुताबिक प्रदूषण बढ़ने के पीछे शहरों का स्थानीय प्रदूषण, कोहरा और हवा की गति का कम होना है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की वजह से हवा की गति बहुत ही धीमी रही। रविवार को पश्चिमी विक्षोभ के हटने से हवाओं की गति बढ़ सकती है। इससे प्रदूषण से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं।



























