दीन दयाल लाडो लक्ष्मी की 21 सौ रुपये की पहली किस्त शनिवार को हरियाणा दिवस के उपलक्ष्य पर जारी होगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने कर कलमों से करीब पांच लाख महिलाओं की खाते यह राशि भेजेंगे। यह राशि उन महिलाओं को दी जाएगी, जिनका आवेदन के बाद सत्यापन हो चुका है।
उधर, हरियाणा सरकार ने सभी उपायुक्तों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने क्षेत्रों में शनिवार को भी लाडो लक्ष्मी योजना का कैंप आयोजित करें और पात्र महिलाओं से आवेदन करवाएं। इस योजना के लिए रजिस्ट्रेशन जारी रहेगा। इसमें बाकी पात्र महिलाओं को अगले महीने योजना का लाभ दिया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव से पहले लाडो लक्ष्मी योजना का एलान किया था। हरियाणा सरकार ने 25 सितंबर को इस योजना का एप लॉन्च किया था। पहले चरण में तीन शर्त पूरी करने वाली महिलाओं को इस योजना में शामिल किया गया है।
शर्तों के मुताबिक परिवार की वार्षिक आय एक लाख रुपये होनी चाहिए। आयु 23 साल या उससे अधिक और अविवाहित महिला या विवाहित आवेदिका का पति 15 साल से हरियाणा का मूल निवासी की शर्त पूरी करता हो। योजना का लाभ लेने के लिए पात्र एक परिवार में महिलाओं की संख्या पर कोई प्रतिबंध नहीं है।