पंजाब में हथियारों के प्रदर्शन में प्रतिबंध हैं। बावजूद इसके लोग नियमों को ताक पर रख कर वाहवाही लूटने के लिए हथियारों से साथ फोटो व वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड करते हैं। इतना ही नहीं रील्स बनाने के चक्कर में भी युवा हथियारों के साथ फोटो व वीडियो शेयर करते हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस एक्शन भी लेती है। पंजाब में जश्न के खास मौकों पर भी लोग हर्ष फायरिंग करते हैं। ऐसा ही एक मामला होशियारपुर के गढ़शंकर से सामने आया है।
गढ़शंकर के बीत क्षेत्र के एक गांव में सेना के जवान की रिटायरमेंट पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है। घर की छत पर खड़े युवकों ने धांय धांय गोलियां चलाई, जिसा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में दो युवक और एक अन्य व्यक्ति बारी-बारी से बंदूकों से फायरिंग करते नजर आ रहे हैं। वहीं घर में चल रही पार्टी का डीजे म्यूजिक भी बज रहा है।
गौरतलब है कि उक्त गांव का फौजी जवान 10 दिन पहले रिटायर हुआ था। रिटायरमेंट के उपलक्ष्य में परिवार ने घर पर एक पार्टी रखी थी, जिसमें रिटायर्ड फौजी और परिवार के अन्य सदस्य छत पर चढ़कर फायरिंग कर रहे थे, जिसका वीडियो उनके ही किसी सदस्य ने बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। हालांकि इस घटना से स्थानीय पुलिस अभी तक बेखबर है और घटना को लेकर पुलिस कर्मी कुछ भी बताने से इनकार कर रहे हैं। इस संबंध में जब डीएसपी गढ़शंकर जसप्रीत सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है और जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : Weather Alert: पंजाब में तीन दिन भारी बारिश, पौंग डैम से छोड़ा पानी… उफान पर ब्यास नदी, इन जिलों में बाढ़ का खतरा



























