-60 प्रतिशत से अधिक रहा मतदान, अंतिम आंकड़े आज सुबह घोषित किए जाएंगे
-पटियाला में सन्नौर के गांव खुडा में पोलिंग बूथ पर कब्जा कर बैलेट बाॅक्स लेकर भागे
-सुल्तानपुर लोधी के गांव सवाल में जाली वोट डालने पर खूनी झड़प, चार लोग जख्मी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पंजाब की 9,398 पंचायतों के लिए मंगलवार को सरपंच व पंच के पदों के लिए मतदान हुआ। हिंसा की घटनाओं के बावजूद सुबह से ही मतदान की रफ्तार अच्छी रही। तरनतारन व पटियाला में फायरिंग हुई, जिसमें दो लोग घायल हो गए। इसके अलावा ईंट-पत्थर भी चले, जिसमें सब इंस्पेक्टर के साथ ही कई लोग घायल हो गए। बरनाला में ड्यूटी के दौरान एक पुलिसकर्मी व जालंधर में एक शिक्षक की मौत हो गई। मानसा ब्लॉक के गांव मानसा खुर्द में सरपंच पद के चुनाव बैलेट पेपर में दो महिला उम्मीदवारों के चुनाव चिह्न गलत प्रिंट होने के चलते प्रशासन की ओर से चुनाव रद्द कर दिया गया। मतदान 60 प्रतिशत से अधिक रहा। हालांकि, इसके बढ़ने की उम्मीद है। अंतिम आंकड़े बुधवार सुबह तक घोषित किए जाएंगे। नतीजे भी सुबह तक ही स्पष्ट हो पाएंगे।
सुबह 8 बजे मतदान शुरू हुआ था, जो 4 बजे तक जारी रहना था, लेकिन कई मतदान केंद्रों पर भीड़ जुटने के कारण देर शाम तक वोटिंग जारी रही। सीमावर्ती जिले तरनतारन में वोटिंग के दौरान फायरिंग भी हुई। यहां गांव सोहल सैन भगत में पोलिंग बूथ के बाहर गोली लगने से एक व्यक्ति घायल हो गया है। विवाद लाइन में लगने को लेकर शुरू हुआ था, जिसने गंभीर झगड़े का रूप ले लिया। पटियाला के हलका सन्नौर के गांव खुडा में मतदान के दौरान कुछ लोग पोलिंग बूथ पर कब्जा कर बैलेट बाॅक्स लेकर भाग गए। इस दौरान गोली भी चली, जिसमें एक नौजवान गंभीर घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए सरकारी राजिंदरा अस्पताल दाखिल कराया है। घायल की पहचान सोनी सिंह निवासी गांव खुडा के तौर पर हुई है। पुलिस ने तुरंत ही नजदीक के खेतों से बैलेट बाॅक्स बरामद कर लिया। मौके पर सांसद डाॅ. धर्मवीर गांधी भी पहुंचे, जिन्होंने पीड़ित लोगों से बातचीत की।
कपूरथला के सुल्तानपुर लोधी के गांव सवाल में जाली वोट डालने को लेकर विवाद शुरू हो गया, जो खूनी झड़प में बदल गया। दो पक्षों में तलवारें चलीं, जिसमें दोनों पक्षों के चार लोग जख्मी हो गए। यहां गांव गिल्लां में मेंबर पंचायत चुनाव का एक पक्ष के समर्थकों ने बायकाॅट भी कर दिया और प्रशासन पर वोटर सूची में धांधली के आरोप लगाया।
भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज व हवाई फायर
पटियाला के शुतराणा गांव में कुछ लोगों ने चुनावी प्रक्रिया में धक्केशाही का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान भड़के लोगों ने पुलिस टीम पर पथराव भी किया। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज व हवाई फायर किया। इस झड़प में पातड़ां थाने के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर यशपाल शर्मा सिर में चोट लगने से घायल हो गए। इसी तरह बरनाला के गांव करमगढ़ में सरपंची चुनाव से कुछ घंटे पहले बीती देर रात चुनाव लड़ रहे सरपंच और दूसरे पक्ष के समर्थकों में मारपीट हुई। आपसी लड़ाई झगड़े में गाड़ी के शीशे भी टूटे, जिसमें पंच का चुनाव लड़ रहे गुरजंट सिंह को गहरी चोटें आई हैं।
ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी व शिक्षक की मौत
बरनाला के गांव ढिलवां में ड्यूटी करने आए पुलिस कर्मचारी लक्खा सिंह की मंगलवार सुबह अचानक सेहत बिगड़ने से मौत हो गई। वहीं, जालंधर के आदमपुर ब्लॉक के गांव अर्जनवाल में पंचायत चुनाव के लिए स्कूल शिक्षक अमरिंदर सिंह ड्यूटी के लिए आए थे। सोमवार रात खाना खाने के बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ गया, जिससे उनकी मौत हो गई। फिरोजपुर के गांव लखमीरके उताड़ में वोटों की हेराफेरी के चलते ग्रामीणों ने पोलिंग बूथ पर धरना देकर मतदान रोक दिया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे एडीसी को चुनाव रद्द करने की मांग के साथ मांग पत्र सौंपा।
यहां देरी से शुरू हुई वोटिंग
रोपड़ के खुआसपुरा में लगभग चार घंटे तक वोटिंग नहीं हो पाई। यहां बैलेट पेपर पर चुनाव निशान और प्रत्याशी का नाम सही नहीं था। नए बैलेट पेपर बनाने पर 12 बजे मतदान शुरू हुआ। इसी तरह का मामला हलका भोआ के अधीन आते गांव जकरोर में चुनाव में सामने आया। यहां दो घंटे देरी से मतदान शुरू हो पाया।




























