
बठिंडा में सड़क हादसा।
– फोटो : संवाद
विस्तार
बठिंडा के रामपुरा फूल में रविवार को भीषण सड़क हादसा हुआ है। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। बठिंडा-बरनाला नेशनल हाइवे स्थित खालसा मार्केट के समीप सड़क किनारे खड़े टिप्पर से कार टकरा गई। हादसे में पिता-पुत्र समेत कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। घटना रविवार दोपहर की है।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे सहारा समाजसेवा, एंबुलेंस-108 के सदस्यों और अन्य लोगों ने कार सवार तीनों को मशक्कत से बाहर निकालकर स्थानीय सिविल अस्पताल पहुंचाया। यहां डाक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान सतीश कुमार पुत्र राजकुमार, हिमांशु बांसल (20) पुत्र सतीश कुमार और व्रिकम गर्ग (39) पुत्र बलराम गर्ग तीनों निवासी बठिंडा के रूप में हुई है।
बता दें कि टोल रोड होने के बावजूद बठिंडा-बरनाला नेशनल हाइवे (एनएच-7) पर बारिश के पानी की निकासी के पुख्ता प्रबंध नहीं किए गए। कई बार तो बारिश के बाद हाइवे पर कई फीट पानी जमा हो जाता है। इससे न सिर्फ हाइवे से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए परेशानी होती है बल्कि हाइवे पर हादसों का भय भी बना रहता है।
इसके अलावा नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों की कथित अनदेखी के चलते अक्सर कई बड़े वाहन हाइवे के किनारे खड़े रहते हैं। रविवार को हुए इस भयानक हादसे में भी हाइवे किनारे खड़े टिप्पर और बारिश के पानी को हादसे का कारण माना जा रहा है।



























