16 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

वर्ल्ड कप क्रिकेट में चूँकि पाकिस्तान टीम का रन रेट तुलनात्मक रूप से काफ़ी कम है, इसलिए न्यूज़ीलैंड का सेमी फ़ाइनल में जाना लगभग तय माना जा रहा है। सेमी फ़ाइनल से याद आया, पाँच राज्यों के चुनाव भी अब लगभग सेमी फ़ाइनल में पहुँच गए हैं।
बड़े नेताओं की रोज़ दो- दो, चार-चार सभाएं होने लगी हैं। छत्तीसगढ़ में तो पहले चरण की वोटिंग भी हो चुकी। नक्सल प्रभावित क्षेत्र की इन बीस सीटों पर इस बार 76 प्रतिशत मतदान हुआ, जो अच्छे संकेत हैं। अक्सर, इस क्षेत्र में वोटिंग प्रतिशत कम ही रहता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राजस्थान के उदयपुर में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।
बहरहाल, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में गर्जनाओं का दौर चल रहा है। कोई किसी से कम नहीं दिखाई दे रहा है। राजस्थान में देर से ही सही, अब चुनावी शोर चरम पर आ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजस्थान की गहलोत सरकार को जमकर कोस रहे हैं। कह रहे हैं कांग्रेस इतनी निर्लज्ज हो चुकी है कि महिलाओं पर अत्याचार की बात उठाओ तो यहाँ का एक मंत्री कहता है- यह मर्दों का प्रदेश है।
उन्होंने यह भी कहा कि उदयपुर में कन्हैयालाल हत्याकांड इसलिए हुआ क्योंकि यहाँ आतंकवादियों की समर्थक सरकार है। ऐसी सरकार को उखाड़ फेंकिए। जहां तक कांग्रेस का सवाल है, अब तक कुछ सभाएं प्रियंका गांधी की ज़रूर हुई हैं, लेकिन ज़्यादा दारोमदार यहाँ स्थानीय नेताओं पर ही है। ऐसा लग रहा है कि मोदी की सभाओं के सामने कांग्रेस नेताओं की सभाएं कुछ हद तक ही सही, फीकी नज़र आ रही हैं।
हालाँकि लोग अब तक ख़ामोश ही हैं, इसलिए कुछ कहा नहीं जा सकता।
वैसे भी रैली, सभाओं की भीड़ से अब जीत- हार का अंदाज़ा लगाना बड़ा मुश्किल हो गया है। भीड़ में आम जनता है या भाड़े के लोग, यह कहना भी मुश्किल है।

छत्तीसगढ़ की 20 सीटों पर वोटिंग हो चुकी है। कांकेर के एक पोलिंग बूथ पर अपने अधिकार का इस्तेमाल करने के लिए इंतजार करते वोटर्स।
ख़ैर, राजनीति में जो भी हो, कम ही है। छत्तीसगढ़ में अब केवल सत्तर सीटों पर वोटिंग होना बाक़ी है। यहाँ अब नेताओं की मेहनत थोड़ी कम हो गई है या कह सकते हैं कि वे कम दूरी तय करके ज़्यादा से ज़्यादा सीटें कवर कर सकेंगे। वैसे भी बस्तर इलाक़े की जिन सीटों पर वोटिंग हो चुकी, उनके रास्ते बड़े दुरूह हैं। वहाँ पहुँचना भी बड़ा मुश्किल होता है।
मध्यप्रदेश में वोटिंग छत्तीसगढ़ के दूसरे चरण के साथ सत्रह नवंबर को होगी। राजस्थान के पास अभी बहुत वक्त है। वहाँ 25 नवंबर को वोटिंग होने वाली है।

























